Nityananda Rape Case: रेप का आरोपी नित्यानंद कहां है? इसको लेकर अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं आ पाई है। पहले यह कहा जा रहा था कि उसने दुनिया के किसी कोने में अपना आईलैंड खरीदा है और अपने शिष्यों के साथ अय्याशी की जिंदगी गुजार रहा है। लेकिन कर्नाटक पुलिस ने सोमवार (03-02-2020) को हाईकोर्ट से कहा कि ‘उन्हें नोटिस नहीं दिया जा सकता क्योंकि वो आध्यात्मिक यात्रा पर हैं।’
दरअसल अदालत ने 31 जनवरी को अपने एक आदेश में पुलिस से कहा था कि वो नित्यानंद को नोटिस थमाए। जिसके जवाब में अब कर्नाटक पुलिस ने कोर्ट से यह बात कही है। डीएसपी बलराज बी ने अदालत से कहा कि ‘उन्हें सीधे नोटिस नहीं थमाया जा सकता क्योंकि वो अपने बिडाडी स्थित आश्रम में मौजूद नहीं हैं और आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। ‘Live Law’ की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने नित्यानंद के बदले उनके सहयोगी कुमारी अर्चंदा को नोटिस पकड़ाया है। कुमारी अर्चंदा ने अदालत में कहा कि उन्होंने पुलिस से कहा था कि नित्यानंद कहां हैं? इस बारे में वो उन्हें जानकारी नहीं दे सकती और इसके बाद उन्हें जबरन नोटिस पकड़ाया गया।
बता दें कि नित्यानंद पर रेप और बच्चों को प्रताड़ित करने का आरोप है। नित्यानंद नवंबर 2018 से फरार चल रहा है। उसे लेकर यह भी कहा जा रहा है कि वो इक्वाडोर में छिपा हो सकता है। 2 महीने पहले ही मोदी सरकार ने उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया था। इंटरपोल ने उसके खिलाफ ब्लू-कॉर्नर नोटिस भी जारी किया है। गुजरात के अहमदाबाद में नित्यानंद का आश्रम है और इसी आश्रम में बच्चों को प्रताड़ित करने का आरोप नित्यानंद पर है।
तमिलनाडु के रहने वाले एक परिवार ने नित्यानंद और उनके आश्रम की दो सेविकाओं पर उनके घर के 4 बच्चों के अपहरण, उन्हें गाली देने और उनसे मजदूरी कराने का आरोप लगाते हुए थाने में केस दर्ज कराया था। नित्यानंद पर संगीन आरोप लगने के बाद पुलिस ने आश्रम में सर्च ऑपरेशन किया था। इस दौरान आश्रम से 43 टैबलेट, 4 लैपटॉप, पेन ड्राइव और मोबाइल बरामद किए गए थे। पुलिस को नित्यानंद की शिद्दत से तलाश है।
