मुंबई के भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) में एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि यहां एक फ्लैट में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार संदिग्धों को अदालत में पेश किया गया जहां पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें धारा 376 (बलात्कार), 376 (डी) (सामूहिक बलात्कार), और 328 शामिल है।
क्या है पूरा मामला?
फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस जांच से पता चला कि पीड़िता लड़की के साथ आरोपियों की जान पहचान थी। वह एक दूसरे को जानते थे। दोनों के पिता BARC में कार्यरत हैं। जानकारी में सामने आया है कि घटना के दिन आरोपी के परिवार के लोग बाहर गए हुए थे और फ्लेट खाली था। उसने अपने दोस्त को फ्लेट पर बुलाया और कुछ जरूरत का सामान मांगने उनके घर आई छात्रा को कुछ पीने के लिए ऑफर किया, जिसमें नशे की गोली होने की बात सामने आई है। इसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई और दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया।
रिपोर्ट के मुताबिक रात करीब 12:30 बजे होश में आने पर पीड़िता ने तुरंत इमारत में अपने करीबी दोस्तों से मदद मांगी और उन्हें भयावह घटना के बारे में बताया। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने जांच शुरू की जिससे कथित तौर पर जघन्य अपराध में शामिल दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस इस मामले की हर तरह से जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। छात्रा के स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा जानकरी हासिल नहीं हो सकी है।