झारखंड की राजधानी रांची के एक मकान में बने सैप्टिक टैंक के अंदर मां-बेटी का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह मां-बेटी पिछले 7 दिनों से लापता थे। पिछले 2-3 दिनों से पिपरा-टोली स्थित इस मकान के अंदर से आ रही दुर्गंध ने इलाके के लोगों का जीना दुभर कर दिया था। लोगों की शिकायत पर यहां पहुंची पुलिस ने बीते सोमवार (02 अगस्त, 2019) को घर की अच्छी तरह से तलाशी ली।
इस दौरान घर में बने सैप्टिक टैंक से दो लाशें मिलीं। दोनों लाशें लगभग कंकाल में तब्दील हो चुकी थीं। पुलिस का मानना है कि यह लाश 27 साल की महिला रेखा तिग्गा और उनकी 5 साल की बेटी प्रियंका की है। यह दोनों इस मकान में किराये पर रहते थे। घर के मालिक भैरो तिग्गा ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्होंने मां-बेटी को नहीं देखा था।
पुलिस के मुताबिक रेखा तिग्गा अपने लिव इन पार्टनर मोहम्मद शमीम और अपनी बेटी के साथ यहां रहती थी। रेखा के पति की मौत पहले ही हो चुकी है। रेखा का लिव इन पार्टनर 24 अगस्त से गायब है। जबकि रेखा को अंतिम बार 21 अगस्त को देखा गया था। बताया जा रहा है कि शमीम राजमिस्त्री का काम करता था और रेखा भी पेशे से एक मजदूर थी। काम के दौरान ही दोनों की मुलाकात हुई थी और फिर दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।
रेखा के गायब होने के बाद अचानक शमीम के लापता होने के बाद अब पुलिस का शक शमीम पर गहरा गया है। हटिया के डिप्टी एसपी प्रभात रंजन ने मीडिया से बातचीत करते हुए माना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस की शक की सूई रेखा के लिव इन पार्टनर शमीम की तरफ ही है।
https://www.youtube.com/watch?v=q5wXZ3oqUWA
बहरहाल पुलिस ने मां-बेटी का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। अलग-अलग एंगल से जांच कर पुलिस डबल मर्डर की तरह लग रहे इस मामले की तह में पहुंचने की जुगत में है। इधर शमीम को पकड़ने के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। (और…CRIME NEWS)

