उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल क्षेत्र में एक गाय को कथित रूप से जहर देने के मामले में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मामले में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक टकराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बता दें कि दोनों पक्षों में पहले से ही किसी और बात पर विवाद चल रहा था। पुलिस झगड़े को इस घटना से भी जोड़ कर देख रही है। बताया जा रहा है कि भतीजे ने चाचा पर गाय को जहर देने का आरोप लगाया था जिसके बाद दोनों में कहा सुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि भतीजे ने चाचा की हत्या ही कर दी। मामले में 3 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामलाः पुलिस सूत्रों ने मंगलवार (29 अक्टूबर) को बताया कि घटना विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव की है। बता दें कि गाय को जहर देने का आरोप लगाए जाने पर भड़कन बिंद नामक व्यक्ति का अपने भतीजों से विवाद हो गया। इसके बाद दोनों के बीच खूब कहासुनी हुई। पुलिस ने बताया कि कहासुनी मार पीट में बदल गई जिससे एक की मौत हो गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
Hindi News Today, 30 October 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
झड़प में कई घायलः मामले में अधिकारियों ने बताया कि दोनों के बीच बात विवाद देखते ही देखते खूब बढ़ गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस वारदात में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हो गए हैं। वहीं इलाज के दौरान भड़कन बिंद की मृत्यु हो गई। अस्पताल में घायलों का इलाज भी चल रहा है।
पहले से ही था विवादः सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही किसी अन्य बात को लेकर विवाद था। पुलिस ने इस मामले में महेन्द्र, वीरेन्द्र और सूबेदार नामक व्यक्तियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। वही पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने मृतक की लाश को परिजनों को सौंप दिया है।

