अमेरिका से सटे राज्य मैक्सिको से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल शुक्रवार रात एक व्यक्ति पार्टी करने के लिए बार (Club) गया था और वह वहां मौजूद महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था। इसके बाद बार के कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाल दिया। इस घटना से खफा होकर नशे में धुत युवक ने बार में आग लगा दी और इसमें 11 लोगों की जलकर दर्दनाक तरीके से मृत्यु हो गई।
घटना में क्या लोगों की मौत
ये घटना अमेरिका की सीमा से लगे मैक्सिको के उत्तरी राज्य सोनोरा के सैन लुइस रियो कोलोराडो शहर में शुक्रवार देर रात हुई। इस घटना में 7 पुरुष और 4 महिलाओं की मृत्यु हुई है, जबकि चार अभी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों ने कहा कि हमलावर को महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार करने के लिए बार से निकाल दिया गया था। लेकिन वह फिर से वापस आकर उसमें एक ज्वलंत चीज (मोलोटोव कॉकटेल) फेंक दी और फिर वहां आग लग गई। हमलावर अब पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस पूछताछ कर रही है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो रोमुलो सालास ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीड़ितों में से एक अमेरिकी नागरिक थी और दूसरी पीड़िता केवल 17 साल की थी।
क्या होता है मोलोटोव कॉकटेल?
बता दें मोलोटोव कॉकटेल एक कांच की बोतल होती है। इसमें ज्वलनशील पदार्थ (जैसे कि पेट्रोल (गैसोलीन), अल्कोहल या नैपलम जैसा मिश्रण और ज्वलन का एक स्रोत) होता है, जैसे जलती हुई कपड़े की बाती, जिसे बोतल के स्टॉपर द्वारा रखा जाता है। एक तरीके से इसे पेट्रोल बम भी कह सकते हैं।
एक और दिल दहला देने वाली वारदात
कुछ दिन पहले ही मैक्सिको से एक और भयानक घटना सामने आई थी। दरअसल एक पति पर आरोप है कि उसने पत्नी की हत्या कर उसके शव के कई टुकड़े किए। पति ने अपनी पत्नी का दिमाग भी खा लिया और फिर खोपड़ी को सिगरेट बुझाने के लिए ऐशट्रे के रूप में इस्तेमाल करने लगा। बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। 32 साल के अल्वारो पर ड्रग्स के नशे में 29 जून को पत्नी की हत्या करने का आरोप है। मृतक महिला पांच बच्चों की मां थी।