बिहार में एक महिला का 3 साल तक यौन शोषण कर गर्भपात कराने वाले आरोपी से ही उसकी शादी करा दी गई और शादी के बाद इस शख्स ने अपनी पत्नी को घर से भी निकाल दिया। गंभीर बात यह भी है कि महिला ने कहा है कि पुलिस ने उसकी शादी आरोपी शख्स से थाने में ही करवाई थी। इस पूरे मामले में अब पुलिस पर आरोपी का साथ देने का आरोप भी लगा है।

मामला बेगूसराय जिले का है। जानकारी के मुताबिक 25 साल की इस युवती का यहां के रहने वाले एक ठेकेदार मोहम्मद परवेज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जानकारी के मुताबिक साल 2016 में इस युवती का अपने पति से तलाक हो गया था। इसके बाद से वो अपने गांव में रहती थी औऱ उसी दौरान उसका प्रेम प्रसंग इस ठेकेदार से शुरू हुआ।

इस दौरान जब महिला गर्भवती हुई तो मोहम्मद परवेज ने उसका गर्भपात करा दिया। लेकिन जब युवती की तबियत बिगड़ गई तो यह मामला पुलिस के पास जा पहुंचा। महिला का गर्भपात 31 जुलाई को कराया गया था।

पुलिस ने महिला के प्रेमी मोहम्मद परवेज को पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक इसके बाद थाने में ही पंचायत बुलाई गई और पंचों के सामने पीड़ित महिला और आरोपी मोहम्मद परवेज का निकाह करा दिया गया। बीते 3 सितंबर को यह शादी कराई गई।

अब लड़की का आऱोप है कि जब वो थोड़ी देर बाद अपने ससुराल गई तो उसके पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से भगा दिया।

अब पीड़ित महिला ने इस मामले में थाने में केस भी दर्ज कराया है। महिला का यह भी आरोप है कि उसके पति ने उससे दहेज में जमीन और 3 लाख रुपए मांगे। महिला ने पुलिस पर इस मामले में सुस्त रवैया अपनाने और अपने पति का साथ देने का भी आऱोप लगाया है।

अब इस पूरे मामले पर सदर डीएसपी राजन सिन्हा ने पीड़िता द्वारा केस दर्ज कराए जाने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है। (और…CRIME NEWS)