एक मासूम से दुष्कर्म के मामले में उसे सजा हुई थी और अभी छह महीने पहले ही वो जेल से छूट कर आया था। लेकिन बीते शनिवार (6 अप्रैल, 2019) को उसे एक नाबालिग के साथ रेप और उसकी हत्या के जुर्म में एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया गया। रेपिस्ट ने नाबालिग की हत्या कर उसके शव को पब्लिक ट्वॉयलेट के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था। यह मामला मुंबई के विले पर्ले का है। 35 साल का हिस्ट्रीशीटर देवेंद्र उर्फ गंडप भाई को साल 2013 में अपने पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से रेप के मामले में सजा हुई थी। जेल में अच्छे व्यवहार की वजह से उसे साल 2018 में जेल से रिहा किया गया था। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उसने एक बार जघन्य अपराध को अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार (4 अप्रैल, 2019) को तीसरी क्लास में पढ़ने वाली इस नौ साल की बच्ची के अचानक गायब होने से उसके परिजनों के बीच हड़कंप मच गया। परिजनों ने इस मामले में जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब इस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो देवेंद्र इस बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ नजर आया। मृतक लड़की के पिता दैनिक मजदूर हैं। उन्होंने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत करते हुए हुए कहा कि बच्ची की मां की तबियत खराब थी इसलिए यह बच्ची घर के नजदीक स्थित एक दुकान से चाय खऱीदने के लिए गई थी। करीब एक घंटे तक जब वो वापस नहीं आई तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

जुहू पुलिस ने भी इस बच्ची की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को इलाके के लोगों ने बताया कि उन्होंने देवेंद्र को इस बच्ची के साथ देखा था। हालांकि इससे पहले इस मामले में देवेंद्र ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी और कहा था कि उसे इस घटना के बारे में कुछ नहीं मालूम। लोगों से जानकारी मिलते ही पुलिस का शक देवेंद्र पर गहरा गया और जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो पुलिस का शक यकीन में बदल गया। इस फुटेज में देवेंद्र इस बच्ची से बातचीत करता हुआ नजर आ रहा था। दरअसल यह बच्ची देवेंद्र के पड़ोस में ही रहती थी इसलिए वो देवेंद्र से बात कर रही थी। पुलिस ने शुक्रवार की रात देवेंद्र को पकड़ा लिया और पुलिस के मुताबिक शनिवार को उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। देवेंद्र की निशानदेही पर पुलिस वहां भी पहुंची जहां उसने बच्ची की हत्या कर उसे फेंक दिया था।

इधर देवेंद्र की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद इस इलाके में रहने वाले सैकड़ों लोग जुहू पुलिस स्टेशन पहुंच गए। यहां जमा लोग देवेंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग करने लगे। मामले की संवेदनशीलता और थाने पर लोगों की बढ़ती भीड़ की खबर मिलते ही वेस्ट रीजन के एसीपी मनोज शर्मा और जोनल डीसीपी परमजीत सिंह दाहिया भी आनन-फानन में थाने पहुंचे। आला अफसरों ने भीड़ को समझाया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में देवेंद्र के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 201 (सबूत छिपाने), 302 (हत्या), 363 (अपहरण), 376 (दुष्कर्म) और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इलाके के लोगों का कहना है कि देवेंद्र और उसका परिवार आपराधिक गतिविधिय़ों में शामिल रहा है। देवेंद्र और उसके परिवार के सदस्य लोगों से रंगदारी वसूलने और उन्हें धमकाने का काम भी करते थे। बता दें कि देवेंद्र ने दो शादियां की हैं और उसके बच्चे भी हैं। देवेंद्र की दूसरी पत्नी गर्भवती भी है।  (और..CRIME NEWS)