अपनी कटी हुई गर्दन लेकर यह शख्स मुंबई की सड़कों पर बेतहाशा भाग रहा था। जिसने भी उसे देखा वो दंग रह गया। थोड़ी देर तक वो असहनीय पीड़ा से तड़पता रहा और फिर हमेशा के लिए शांत हो गया। यह मामला विक्रोली इलाके का है और मरने वाले शख्स का नाम गुरफान है। गुरफान की हत्या के आरोप में 22 साल के एक युवक सलमान खान को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक सलमान गोरेगांव में रहता था। सलमान और उसका साथी गुरफान कपड़े की दुकान में एक साथ काम करते थे। सोमवार (01 अप्रैल, 2019) की देर रात विक्रोली लिंक रोड के पास अचानक गुरफान अपना कटी हुआ गर्दन पकड़ कर भागता हुआ पहुंचा। वो लोगों से जोर-जोर से चिल्ला कर मदद की गुहार लगा रहा था। उस वक्त मेट्रो के एक कर्मचारी की नजर गुरफान पर पड़ी। गुरफान की हालत देखकर इस शख्स के होश उड़ गए। उसने तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचना दी। बाद में मेट्रो के कर्मचारी बीपी सिंह ने बताया कि उसने उनके सामने ही किसी और से भी फोन पर बातचीत की और उसने फोन करने वाले से भी बचाने की गुहार लगाई। लेकिन थोड़ी ही देर बाद वो बेसुध होकर गिर गया।
पुलिस के मुताबिक इस शख्स ने अपनी दुकान की ही एक महिला कर्मचारी को फोन किया था। इस महिला ने पुलिस को बताया कि इरफान पर इतना दर्दनाक हमला राजा उर्फ सलमान खान ने किया। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी। जल्दी ही पुलिस ने धारावी से सलमान खान को दबोच भी लिया।
मुंबई मिरर ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सलमान और गुरफान दोनों ही दोस्त थे और दोनों गोरेगांव में कपड़े की दुकान पर काम करते थे। कुछ समय पहले दुकान में एक चोरी हुई थी और सलमान को गुरफान पर शक हो गया था। इस मामले को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था। सोमवार की रात काम के बाद सलमान, गुरफान को लेकर लिंक रोड गया और अचानक उसने एक तेज धार वाले हथियार से गुरफान का गला काट दिया। इस मामले में सलमान के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक गुरफान ने मरने से पहले जख्मी हालत में दुकान के मालिक को फोन किया था। (और…CRIME NEWS)
