उसने दो शादियां रचाई थी। वो अपनी दोनों ही बीवियों को खुश रखना चाहता था। लेकिन ऐश-आराम के लिए उसके पास पैसों की किल्लत थी। लिहाजा दोनों बीवियों को सुख-सुविधाएं देने के लिए उसने फरेब का रास्ता अख्तियार कर लिया। मामला मुंबई का है। 37 साल के इस शख्स का नाम देव कुमार रामरतन पटेल है। पुलिस ने रामरतन पटेल को 18 मार्च, 2019 को उस वक्त दबोचा जब वो एक बैग के साथ संदिग्ध रुप से बोरिवली इलाके की सड़कों पर घूम रहा था। पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से पुलिस को जाली नोट मिले। इस जालसाज को पकड़ने के बाद पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस को अंदेशा है कि उसने बाजार में करीब 15 लाख रुपए के जाली नोट खपाए हैं।

पुलिस ने जब उससे उसके इस फरेब के धंधे के बारे में और पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने दो शादियां की हैं। उसकी एक पत्नी मॉडल है तथा दूसरी पत्नी हाउस वाइफ है। उसने पुलिस को बताया कि पैसों की किल्लत की वजह से वो अपनी दोनों बीवियों को मेन्टेन नहीं कर पा रहा था। इसलिए उनसे यह धंधा अपनाया। उसने पुलिस को बताया कि शहरी क्षेत्रों में इन पैसों को बाजार में चलाना मुश्किल था लिहाजा वो इन जाली नोटों को ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में इस्तेमाल करता था। पुलिस ने जब उसके नालासोपारा स्थित घर में छापेमारी की तो पुलिस को 5 लाख रुपए के नकली नोट मिले। इनमें 2 हजार, पांच सौ और 200 रुपए के जाली नोट शामिल थे। उसके घर से पुलिस ने कंप्य्टूर, स्कैनर और प्रिंटर भी जब्त किया।

बता दें कि रामरतन पटेल पेशे से तो स्क्रिप्ट राइटर था। उसने कई टीवी सीरियल के लिए स्क्रिप्ट लिखा था। इसमें धाराविहक ‘ईश्वर एक अपराध’ भी शामिल है जिसकी लोगों ने काफी सराहना भी की थी। लेकिन पिछले काफी समय से स्क्रिप्टराइटिंग के काम में उसकी अच्छी कमाई नहीं हो रही थी। पैसों की कमी की वजह से ही उसने नकली नोट छापने का धंधा अपना लिया था। (और…CRIME NEWS)