घुप अंधेरे वाला एक तहखाना और तहखाने में कैद एक महिला की चीखें। खौफनाक तहखाने में अक्सर एक दरिंदा आता और इस महिला के साथ दरिंदगी कर चला जाता था। 2 साल तक तहखाने में कैद कर एक महिला को जिस तरह से यातनाएं दी गईं उसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। हरियाणा की हिसार पुलिस के पास कुछ दिनों पहले जब एक डरी सहमी महिला पहुंची तो उसे देखकर एक बार तो पुलिस भी दंग रह गई। इस महिला ने थाने में एक गांव के 6 लोगों के खिलाफ साजिश रचने, उसे बंधक बना कर रखने और एक युवक पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इस महिला ने पुलिस को बताया कि उसे 2 साल तक सिरसा जिले स्थित एक गांव के एक मकान में कैद कर रखा गया था।
महिला के मुताबिक 2 साल बाद वो किसी तरह इस तहखाने से निकल कर भाग पाने में कामयाब हो सकी। उसने बताया कि उनके कैद से निकलने के बाद वो उनसे छिपते-छिपाते हुए कालांवाली रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से ट्रेन में बैठकर हिसार आ गई। महिला के गले, पेट और शरीर के दूसरे अंगों पर चोट के गहरे निशान भी हैं।
36 साल की इस महिला का कहना है कि वो झारखंड की रहने वाली है। महिला के मुताबिक करीब 19 साल पहले उसकी शादी यहां के रहने वाले एक युवक से हुई थी। 29 अगस्त 2017 को वो अपने घर से दवा लेने मॉडल टाउन के एक अस्पताल में गई थी। अस्पताल में उसकी मुलाकात एक महिला से हुई जिसने उसने नशीली चाय पिलाई और फिर उसे इतना ही याद है कि इसके बाद उसे एक ऑटो रिक्शा में बैठाया गया था। महिला के मुताबिक होश आने पर उसने खुद को एक तहखाने में कैद पाया।
महिला ने अपनी खौफनाक आपबीती सुनाते हुए पुलिस को बताया कि जिस घर में यह तहखाना बना था वो घर एक खेत में था और यहां एक परिवार भी रहता था। महिला के मुताबिक एक युवक अक्सर उस तहखाने में आकर उसके साथ दुष्कर्म करता था। एक अन्य युवक उसके साथ छेड़खानी भी करता था। इस महिला ने पुलिस को बताया कि उसने इन दरिंदों से मिन्नतें की कि वो उसे घर जाने दें लेकिन उन लोगों को उसपर जरा भी दया नहीं आई। महिला ने बताया कि 2 साल पहले उसका वजन 90 किलो था लेकिन अब उसका वजन 32 किलो रह गया है। महिला के मुताबिक वो लोग उसके साथ मारपीट भी करते थे। बहरहाल अब इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरप्तारी में जुट गई है। (और…CRIME NEWS)
