पत्नी ने जब खाने देने से इनकार कर दिया तो पति ने उसकी हत्या कर दी। बेहद चौंकाने वाला यह मामला छत्तीसगढ़ के जशपुरनगर का है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बहनाटांगर में वीर राम नाम का युवक अपनी पत्नी के साथ रहता था। बीते शनिवार (11 मई, 2019) को वीर राम मवेशी चराने के लिए खेतों में गया हुआ था। दोपहर के वक्त घर लौटने के बाद इस शख्स ने अपनी पत्नी से खाना मांगा।
उस वक्त उसकी पत्नी नशे में चूर घर में थी और उसने अपने वीर राम की मांग को नजरअंदाज कर दिया। भूखे वीर राम ने पत्नी से दोबारा खाना देने को कहा। लेकिन इस बार भी पत्नी ने उसे नजरअंदाज कर दिया और नशे में उससे लड़ने लगी। इस बात से गुस्साए वीर राम ने घर में रखे डंडे से अपनी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। वीर राम ने इस डंडे से अपनी पत्नी को इतना पीटा की उसकी मौत हो गई।
वीर राम की पत्नी के मरने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। जैसे ही इसकी खबर पुलिस को मिली पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पत्नी की हत्या करने के बाद वीर राम को भी काफी पछातावा हो रहा था। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद वीर राम को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक यहां लोग अपने घर में कच्ची शराब रखते हैं। इलाके की ज्यादातर महिलाएं शराब भी पीती हैं। कच्ची शराब पीने की वजह से अक्सर गांव में लोगों की तबियत भी बिगड़ जाती है। शराब का सेवन करने के बाद ही वीर राम की पत्नी नशे में चूर होकर अपने पति से बदसलूकी कर रही थी। शराब की वजह से यहां कई बार आपराधिक घटनाएं भी होती हैं। बहरहाल इस मामले में पुलिस कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रही है। (और…CRIME NEWS)

