मध्य प्रदेश में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर वो पुलिस स्टेशन पहुंच गया। थाने में उसने पुलिस वालों से कहा कि -मुझे गिरफ्तार कर लो, लेकिन थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे शराबी समझकर थाने से भगा दिया।
शिवपुरी जिले का यह मामले बेहद ही चौंकाने वाला है। बताया जा रहा है कि 38 साल के मनीराम केवट को अपनी पत्नी पर शक था कि उनका किसी से अवैध संबंध है। मनीराम अक्सर नशे में चूर होकर घर आता था और इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी होता था। ‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार की सुबह मनीराम दिनारा थाने पहुंचा था और उसने पुलिस वालों के सामने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कही थी। लेकिन पुलिस वालों ने उसे शराब के नशे में चूर समझकर थाने से भगा दिया था।
बाद में इस इलाके की पहाड़ियों पर एक 33 साल की महिला का शव मिलने की खबर पुलिस को मिली। तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि यह महिला मनीराम केवट की ही पत्नी है। इसके बाद पुलिस ने मनीराम केवट को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। मनीराम केवट ने पुलिस को बताया कि ‘मेरी पत्नी का चरित्र ठीक नहीं था…इसीलिए उसे पहाड़ी पर ले जाकर मैंने उसकी हत्या कर दी।’ मनीराम के इकबालिया जुर्म के बाद अब पुलिस उसपर कानून के मुताबिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
यह भी बताया जा रहा है कि जब पुलिस वालों ने मनीराम को थाने से भगा दिया था तब उसने अपने माता-पिता से कहा था कि उससे ‘गौ हत्या’ हो गई है। यह भी कहा जा रहा है कि मनीराम ने पहाड़ियों पर अपनी पत्नी का कत्ल बड़ी ही बेरहमी से किया। उसने पत्थर से अपनी पत्नी के चेहरे और सिर को कुचल-कुचल कर उसे मार डाला।
आपको याद दिला दें कि इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां 30 साल के एक शख्स ने अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया था। इसके बाद वो पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर सड़क पर निकल गया था।
पत्नी का कटा सिर लेकर वो करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर चलते हुए थाने पहुंचा था। युवक के हाथ में महिला का सिर देखकर उस वक्त पुलिस चौंक गई थी। बाद में इस युवक ने अपनी पत्नी की हत्या की बात भी कबूल की थी।

