शुरू में उसने मॉडलिंग को अपना पैशन बनाया। जिंदगी में कुछ करने की ठान कर वो न्यूयॉर्क आ गई। उस वक्त वो यहां अकेले आई थी। यहां उसे कुछ टीवी कमर्शियल्स में काम करने का मौका मिला। लेकिन 5 फुट 7 इंच की यह मॉडल यहां ज्यादा कामयाब ना हो सकी। इसके बाद मॉडलिंग में भाग्य आजमाने के लिए वो जापान चली आई। लेकिन यहां उसे करियर के लिहाज से बड़ा मौका नहीं मिला। इसके बाद इस संघर्षशील मॉडल ने एक्टिंग को अपना करियर बनाया। साल 1984 में उसे One Life to Live में एक रोल मिल गया। इसमें उसने हास्य कलाकार का रोल निभाया। इसके बाद उसे टेलीविजन पर दिखाए जाने वाले एक शो My Sister Sam में काम करने का मौका मिला और यह शो बड़ी हिट साबित हुई। हालांकि शो का दूसरा सीजन फ्लॉप हो गया और फिर इस शो को निर्माताओं ने रद्द कर दिया।

लेकिन तब तक इस उभरती हुई कलाकार की पहचान बन चुकी थी। आज हम बात कर रहे हैं मशहूर अदाकार रिबेका स्काफर की। स्काफर ने इसके बाद The End of Innocence में रोल निभाया और कुछ टीवी फिल्में भी की। अपनी एक्टिंग के दम पर रिबेका स्काफर ने जितने कम समय में शोहरत हासिल की उतनी ही जल्दी उनकी प्रसिद्धि उनकी ही जान की दुश्मन बन गई। 18 जुलाई 1989 को लॉस एंजलिस के अपने घर में यह अदाकारा मौजूद थी। उस वक्त किसी ने उनके दरवाजे पर दस्तक दी।

अभिनेत्री रेबिका स्काफर। फोटो सोर्स – वीडियो स्क्रीनशॉट

21 साल की अदाकारा ने जब घर के अंदर से आवाज लगाई तो इस शख्स ने कहा कि वो उनका सबसे बड़ा प्रशंसक है। अभिनेत्री ने दरवाजा खोला और सामने खड़े शख्स से हाथ मिलाया। इसके बाद वो शख्स वहां से चला गया। लेकिन करीब आधे घंटे बाद यह शख्स अभिनेत्री के दरवाजे पर दोबारा आया। इस बार जब उसकी आवाज सुनकर अभिनेत्री ने दरवाजा खोला तो उसने अभिनेत्री के सीने में पांच गोलियां दाग दीं।

एक उभरती हुई अभिनेत्री की अचानक हुई हत्या से सभी चौक गए। हत्या करने वाले शख्स अभिनेत्री की हत्या के बाद अपने घर टसकन आ गया। पुलिस को हत्यारे की खबर लग चुकी थी और वो उसकी तलाश में जुटी थी। टसकन में एक शख्स ने पुलिस को हत्यारे के बारे में जानकारी दी। हत्या के कुछ ही घंटों बाद यह हत्यारा पकड़ा गया। खुलासा हुआ कि इस अभिनेत्री को गोलियों से छलनी करने वाले शख्स का नाम रॉबर्ट जॉन ब्राडो है। ब्रांडो ने पुलिस को बताया कि वो अभिनेत्री रिबेका स्क्राफर का सबसे बड़ा प्रशंसक है।

उसने पुलिस को बताया कि वो पिछले तीन सालों से अभिनेत्री का पीछा कर रहा था। इतना ही नहीं ब्राडो ने पहले एक बार अभिनेत्री से ऑटोग्राफ भी लिया था। लेकिन फिल्म Class Struggle in Beverly Hills में अभिनेत्री के एक सेक्स सीन को देखकर वो अभिनेत्री से नाराज हो गया था। इसी बात से नाराज होकर उसने अभिनेत्री की हत्या कर दी। ब्राडो ने अभिनेत्री के घर का पता लगाने के लिए एक निजी जासूस भी हायर किया था। अक्टूबर 1991 में ब्राडो को अभिनेत्री की हत्या का दोषी पाया गया। उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। (और…CRIME NEWS)