यह मामला काफी हैरान-परेशान करने वाला है। एक शख्स ने अपने घर में फंदे से लटक कर सुसाइड कर लिया। लेकिन पुलिस ने जब मरने वाले का शव बरामद किया तो उसके शरीर पर जगह-जगह चबाए जाने के निशान थे। मामला झारखंड के पलामू जिले का है। यहां पांकी थाना क्षेत्र के डंडारकला गांव के बुढ़वा टोले में 50 साल के एक शख्स सुरेश मोची ने अपने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुरेश मोची के साथ उनका 12 साल का बेटा भी इसी घर में रहता था। सुसाइड से पहले सुरेश मोची ने अपने बेटे को रस्सी से बांध दिया था। आत्महत्या करने की यह घटना बीते 9 मई, 2019 की है। तीन दिनों तक किसी को भी इस बात का पता नहीं चल सका। लेकिन जब इस घर से बदबू आने लगी तो इलाके के लोग काफी परेशान हो गए।
लोगों ने इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंची। घर का दरवाजा अंदर से बंद था लिहाजा पुलिस दरवाजा तोड़ कर घर में दाखिल हुई। लेकिन अंदर का नजारा देख पुलिस वालों के होश उड़ गए। घर के एक कमरे में सुरेश मोची का शव फंदे से झूल रहा था और वहीं उसका 12 साल का बेटा पलंग में बंधा हुआ था। हैरानी की एक बात यह भी थी कि इस लड़के के मुंह में खून लगा हुआ था। इतना ही नहीं मृतक सुरेश मोची के शरीर के कई जगहों पर दांत से चबाए जाने के निशान थे। यह संदेह जताया जा रहा है कि इस लड़के ने अपने पिता के शव के कई अंगों को चबाया था।
बहरहाल पुलिस ने इस बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक 12 साल का यह लड़का मानसिक रूप से विक्षिप्त है। गांव वालों के मुताबिक सुरेश के सगे भाई छठन मोची की दिसंबर में पांकी- मेदनीनगर पथ के बंसडीहा गांव में सड़क किनारे पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या में सुरेश मोची की पत्नी सोहबतिया देवी भी हत्यारोपित है। इसके बाद से सोहबतिया अपनी बेटी के साथ फरार है। घर पर सिर्फ सुरेश मोची अपने विक्षिप्त बेटे के साथ रह रहा था। पत्नी व पुत्री को फरार होने के बाद सुरेश तनाव में रह रहा था। इस घटना के बाद इलाके के लोग सन्न हैं और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है। (और…CRIME NEWS)
