उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक शादीशुदा महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि लूटपाट के दौरान महिला की हत्या की गई है। महिला के शरीर पर चाकू के कई निशान हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि चाकू से गोद-गोद कर महिला को मौत के घाट उतारा गया है। हालांकि अभी पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म किये जाने की बात से भी इनकार नहीं किया है।
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह महिला यहां के झुग्गियों में अपने पति के साथ रहती थी। 02 मार्च, 2020 को अचानक यह महिला लापता हो गई। महिला के पति ने इस दिन थाने में जाकर पत्नी के गायब होने की सूचना दी थी। अगली सुबह इस युवक ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक शख्स सूरज पर अपनी पत्नी की हत्या का अंदेश जताया।
इसके बाद पुलिस ने इस मामले में सूरज को पूछताछ के लिए तुरंत पकड़ लिया। सख्ती से की गई पूछताछ में सूरज ने पुलिस के सामने अपना भयानक जुर्म कबूल कर लिया।
पता चला कि सूरज ने महिला को पहले कबाड़ दिलाने का वादा किया था। उस दिन वो महिला को कबाड़ दिलाने के लिए अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने पहले महिला का गला दबाया और फिर उसके शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किये।
महिला की मौत हो जाने के बाद सूरज उसके गहने लूट कर मौके से भाग गया। यह भी कहा जा रहा है कि महिला की हत्या करने के बाद उसने उनकी लाश को खेत में फेंक दिया।
सूरज के इस कबूलनामे के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने महिला का शव एक खेत से बरामद कर लिया। पुलिस ने महिला की ज्वैलरी भी सूरज से बरामद कर लिया है।
अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि सूरज इस हत्या को लेकर बार-बार अपने बयान भी बदल रहा है। कहा यह भी जा रहा है कि हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया।
वहीं इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि इन दोनों के बीच पहले से ताल्लुकात थे। बहरहाल अब इस मामले की पूरी सच्चाई पुलिसिया तफ्तीश के बाद ही सामने आएगी।

