शक की वजह से पति और पत्नी के बीच लड़ाई शुरू हुई। तब किसी ने नहीं सोचा था कि इस लड़ाई का अंजाम इतना भयानक भी हो सकता है। गुस्से से लाल पति ने अपनी पत्नी को ऐसी-ऐसी यातनाएं दीं जिसे सुनकर आप दहल उठेंगे। 45 साल का यह शख्स अहमदाबाद के रायखंड इलाके में रहता है। शुक्रवार (22-02-2019) को इस शख्स ने अपनी पत्नी को किसी पुरुष मित्र से फोन पर बातचीत करते हुए सुना। बातचीत खत्म होने के बाद इस शख्स ने फोन की रिकॉर्डिंग सुनी और फिर उसने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया कि उसका उसकी पुरुष दोस्त के साथ अफेयर है।
लेकिन इस महिला ने किसी भी तरह के अफेयर के आरोपों से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस बढ़ी और फिर महिला के पति ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। महिला ने जब अफेयर की बात नहीं कबूली तब उसके पति ने उसे बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। पिटाई की वजह से महिला बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। लेकिन इतने से भी महिला के पति का कलेजा ठंडा नहीं हुआ। उसने घर में रखी चाकू को गर्म कर महिला के प्राइवेट पार्ट को दाग दिया।
अगले दिन शनिवार (23-02-2019) को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और पति ने एक बार फिर महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं इस शख्स ने चाकू गर्म कर पत्नी के प्राइवेट पार्ट्स को दोबारा दाग दिया। रविवार (24-02-2019) को महिला का पति इलाके में एक शादी में शामिल होने के लिए गया था। मौका पाकर महिला अपने रिश्तेदारों के यहां चली गई और उसने अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में रिश्तेदारों को बताया। महिला की बातें सुन रिश्तेदारों के होश उड़ गए।
रिश्तेदारों ने तुरंत महिला को असरवा सिटी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि महिला के अंदरुनी पार्ट्स में गंभीर चोटें आई हैं। इस मामले में गेइकवाड हवेली पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि इस महिला को दो बच्चे भी हैं। (और…CRIME NEWS)

