शाहजहांपुर में एक आरोपी कुत्तों को दौड़ा-दौड़ाकर डंडे से पीट रहा था। उसने कुत्तों को पीटकर अधमरा कर दिया। किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को इस घटना की जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी।

पुलिस अधीक्षक (SP) एस. आनंद ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें एक युवक लाठी से दो कुत्तों को बुरी तरह पीट रहा था। एसपी ने आगे कहा कि वीडियो वायरल को संज्ञान में लेते हुए आरोपी की पहचान की गई। जांच में पता चला कि यह घटना थाना सदर बाजार के जलाल नगर की है। आरोपी की पहचान कर ली गई है।

कुत्तों को मारने वाला आरोपी हुआ गिरफ्तार

आरोपी के खिलाफ श्रीस नामक व्यक्ति ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी आनंद ने बताया कि पुलिस ने धारा (11) पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम के तहत आरोपी अजीम खान (19) को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि अजीम खान दो कुत्तों के लाठी से लागातार मार रहा है। वे बचने के लिए भाग रहे हैं तो आरोपी उन्हें दौड़ाकर पीट रहा है। उसने कुत्तों का मारकर अधमरा कर दिया है। बेजुबां दर्द से भौंक रहे हैं मगर फिर भी आरोपी नहीं रूक रहा है। वह लगातार उन पर हमला कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि वहां मौजूद कोइ भी इंसान उसे ऐसा करने से रोक नहीं रहा है। शिकायत दर्ज होने की जानकारी जब उसके परिजनों तक पहुंची तो वे कहने लगे कि वह मंद बुद्धि का है।

असल में थाना सदर बाजार के पास मोहल्ला जलालनगर स्थित मजार में कव्वाली का कार्यक्रम चल रहा था। वहीं पास में दो कुत्ते आपस में लड़ रहे थे। तभी एक युवक आया औऱ उन्हें डंडे से पीटना शुरू कर दिया। कुत्ते भाग रहे थे और वह उन्हें दौड़ाकर पीट रहा था। तभी किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।