उत्तर प्रदेश के एटा में करीब एक महीने पहले 21 साल की एक महिला ने अपना घर छोड़ दिया था। आरोप लगे थे महिला का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर दिल्ली में एक मुस्लिम युवक से उन्होंने शादी रचा ली। अब इस मामले में एटा पुलिस ने महिला के पति और उनके परिवार के सभी सदस्यों के खिलाफ Anti-Conversion Law के तहत केस दर्ज किया है। इनमें से 6 लोगों को पुलिस ने हवालात भी पहुंचा दिया है। पिछले ही हफ्ते पुलिस ने 25 साल के मोहम्मद जावेद और उनके परिवार की तीन महिलाओं समेत 10 लोगों पर जालेसर पुलिस थाने में केस दर्ज किा था। जिन्हें गिरफ्तार किया गया है वो सब जावेद के दूर के रिश्तेदार हैं औऱ पुलिस का कहना है कि यह सभी लोग जावेद के संपर्क में थे।

अभी इस मामले में पुलिस का कहना है कि जावेद और उसके 4 अन्य नजदीकी रिश्तेदारों को अभी गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। इन पांचों लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अब इनके सिर पर 25,000-25,000 रुपए का इनाम घोषित कर दिया है।

यहां आपको बता दें कि इस मामले में महिला के पिता ने बीते गुरुवार को केस दर्ज कराया था। दरअसल महिला के पिता को जावेद के वकील ने चिट्ठी भेजकर सूचित किया था कि महिला ने अपना धर्म परिवर्तन कर लिया है और एक कोर्ट में उनकी शादी हो गई है।

इस पूरे मामले पर डीएसपी राम निवास सिंह ने कहा कि ‘जावेद और उसके परिवार के सदस्यों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 366 और Anti-Conversion Law के तहत केस दर्ज किया गया था। 6 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है।’

पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि महिला 17 नवंबर से लापता थी। हालांकि उनके परिवार वालों ने हाल ही में पुलिस से संपर्क किया है। बताया जा रहा है कि जावेद एक कपड़ा व्यवसायी है और महिला एटा में महिला के घर के पास ही रहता था। जिन लोगों को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है वो सभी जावेद के साथ इस पूरे मामले में शामिल थे।