पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले की पुलिस ने 35 साल के एक शख्स को सीरियल किलर के आरोप में रविवार (2 जून) को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि इस शख्स ने पिछले 6 साल में 7 महिलाओं का बेरहमी से कत्ल कर दिया। आरोपी ने अधिकतर महिलाओं को चेन से गला घोंटकर मार डाला। वहीं, कुछ महिलाओं के सिर पर भारी चीज से हमला किया गया, जिसके बाद उनका गला घोंटा गया। पुलिस का दावा है कि एक-दो मामलों में हत्या से पहले सेक्सुअल असॉल्ट होने के सबूत भी हाथ लगे हैं।
2013 से अंजाम दे रहा वारदात: पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कमरुजमान सरकार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि वह 2013 से इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहा है। अब तक उसने 11 महिलाओं को निशाना बनाया, जिनमें से 7 की उसने हत्या कर दी। सबसे आखिर में उसने पूर्वी बर्धमान जिले के कलना में 52 साल की महिला को शिकार बनाया था और गला घोंटकर उसे मार डाला था। आरोपी ने यह वारदात अप्रैल 2019 में अंजाम दी थी।
National Hindi News, 04 June 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस ने किया यह दावा: पूर्वी बर्धमान के एसपी भास्कर मुखर्जी का कहना है कि कलना में लगातार कई हत्या हो चुकी हैं। इनमें अधिकतर शिकार महिलाएं थीं। वहीं, वारदात को अंजाम देने का तरीका भी एक जैसा था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने सभी महिलाओं का गला चेन से घोंटा। वहीं, कुछ महिलाओं के सिर पर पहले भारी हथियार से हमला किया गया। उसके बाद उनका गला घोंटा गया।
कलना में लगातार हो रही थीं हत्या: पुलिस के मुताबिक, कलना, मंतेश्वर, मेमारी, बालागढ़ और पंडुआ थाना एरिया के अंतर्गत आने वाले इलाकों में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही थीं। हत्या को अंजाम देने का तरीका एक जैसा था। पुलिस का दावा है कि आरोपी इन वारदात को अकेले ही अंजाम देता था। उसका कोई साथी नहीं था। वहीं, पूर्वी बर्धमान की 2 महिलाओं का कहना है कि 2018 में उन पर भी हमला किया गया था, लेकिन वे बच गईं। पुलिस ने उन इलाकों की सीसीटीवी फुटेज भी निकाली थी, जहां दोनों महिलाओं पर हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने आरोपी का स्केच भी बनवाया, लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका, क्योंकि वारदात को अंजाम देते वक्त वह हेलमेट लगा लेता था।
बाइक के रंग से पकड़ा गया आरोपी: सभी मामलों की गहनता से जांच के दौरान पुलिस का ध्यान बाइक के रंग पर गया। बताया जा रहा है कि आरोपी हर वारदात में उसी बाइक का इस्तेमाल करता था। इसके बाद सभी पुलिस थानों और सिविक वॉलंटियर्स को मामले की जानकारी दे दी गई। पुलिस ने कलना में घटनास्थल से स्टील की चेन भी बरामद की थी, जिससे 52 वर्षीय महिला की हत्या की गई थी। कई सबूत मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में सड़क पर चलने वाले हर वाहन की चेकिंग शुरू कर दी। रविवार को कुछ सिविल वॉलंटियर्स कलना के एक गांव में चेकिंग कर रहे थे। उस दौरान उन्होंने वारदात में इस्तेमाल होने वाली बाइक की पहचान की और राइडर को पकड़ लिया। उसके बैग में एक चेन और लोहे की रॉड मिली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मुर्शिदाबाद का रहने वाला है आरोपी: पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला है, लेकिन करीब 2 साल से वह नंदनघाट थाना एरिया के अंतर्गत आने वाले इलाके में रह रहा था। पुलिस ने उसके घर पर भी छापा मारा और कुछ ज्वैलरी बरामद की। हालांकि, अधिकतर ज्वैलरी नकली थी। पुलिस का अनुमान है कि यह ज्वैलरी पीड़ित महिलाओं से लूटी गई होगी। बताया जा रहा है कि आरोपी पुरानी और खराब चीजों की डीलिंग करता था। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के 2 बच्चे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह इन वारदात को अंजाम क्यों देता था। पुलिस ने बताया कि कुछ हत्या पिछले 5 महीने में अंजाम दी गईं। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने आरोपी की मानसिक स्थिति पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।