यूपी के कन्नौज से शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य कर रहे तीन मजदूरों ने एक नाबालिग लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता ने मजदूरों के खिलाफ तहरीर दी जिसके आधार पर उसने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सदर कोतवाली के प्रभारी विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि पीड़ित लड़की के पिता का आरोप है कि 11 मार्च की शाम को जब उनकी 13 साल की लड़की खेतों की तरफ जा रही थी तो शराब के नशे में तीन मजदूरों ने उसे अगवा कर लिया और पंचायत भवन ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

मुंह दबाया और मारा-पीटा

शिकायत के अनुसार, लड़की के शोर मचाने पर मजदूरों ने उसका मुंह दबा दिया और उसे मारा-पीटा। मजदूरों के चंगुल से छूटी लड़की ने घर पहुंच कर पिता को आपबीती बताई। शिकायतकर्ता के अनुसार ये तीनों मजदूर गांव में पानी की टंकी के निर्माण कार्य में लगे थे।

तिवारी ने बताया कि पुलिस ने भादंसं की संबंधित धाराओं अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न निवारण अधिनियम तथा बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि नामजद अभियुक्त रोहित प्रजापति, चंद्र प्रकाश और मेंबर पाल को गिरफ्तार किया गया और विधिक कार्रवाई के तहत उन्हें जेल भेजा दिया गया है। उनके मुताबिक पीड़ित लड़की का डाक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, तीन नाबालिग गिरफ्तार

झारखंड के गुमला जिले में एक निर्माणाधीन मकान में दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह घटना डुमरी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक दोनों लड़कियां नौ मार्च को गांव के पास बाबा टांगीनाथ धाम में महाशिवरात्रि के एक मेले में गए थे, जहां उनकी मुलाकात एक परिचित से हुई, जिसने अपने दोस्त के साथ उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर घर छोड़ने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के मुताबिक दोनों लड़के लड़कियों को अपने गांव ले जाने के बजाय एक निर्माणाधीन मकान में ले गए, जहां उन्होंने लड़कियों को दो दिनों तक कैद में रखा। इसके बाद दोनों का एक और दोस्त आया तथा तीनों ने बारी-बारी से दोनों लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।

लड़कियों के माता-पिता ने उनकी काफी तलाश करने के बाद 11 मार्च की शाम को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार को निर्माणाधीन मकान से पुलिस ने लड़कियों को छुड़ाया और तीनों नाबालिग लड़कों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल, आरोपियों को सुधार गृह भेज दिया गया है।