इधर झारखंड के जमशेदपुर में कांग्रेस के 2 गुट आपस में ही भिड़ गए। बताया जा रहा है कि यहां एक कांग्रेस नेता के जन्मदिन में काफी संख्या में पार्टी के समर्थक जमा थे। इसी दौरान दो गुटों में संघर्ष हो गया। इस मारपीट की वजह से वहां काफी देर तक हंगामा हुआ। मारपीट की इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में भीड़ इधऱ-उधर भागती और एक-दूसरे से उलझती हुई नजर आ रही है। यह भी नजर आ रहा है कि कुछ लोग एक युवक की बेरहमी से पिटाई भी कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता अजय सिंह के जन्मदिन के जश्न में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर में मोटरसाइकिल रैली निकाली। इस रैली में कोरोना को लेकर बनाए गए नियमों का भी जबरदस्त तरीके से उल्लंघन किया गया। कांग्रेस के कार्यकर्ता बिना मास्क लगाए ही शहर में रैली निकालते नजर आए। इसके अलावा सोशल डिस्टेन्सिंग से जुड़े नियमों की भी धज्जियां उड़ाई गईं।
दरअसल कांग्रेस नेता अजय सिंह का जन्मदिन जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में मनाया जा रहा था। यहां काफी संख्या में अजय सिंह के समर्थक एकत्रित हुए थे। जन्मदिन के मौके पर 60 पॉन्ड का केक भी काटा गया। बर्थडे मनाने के बाद अजय सिंह के समर्थकों ने अपने नेता के सम्मान में मोटरसाइकिल रैली निकाली।
लेकिन इसी रैली में बीच सड़क उस वक्त हंगामा हो गया जब समर्थकों के 2 गुट आपस में भिड़ गए। यहां कांग्रेस समर्थकों को शांत कराने में पुलिस के पसीने छूट गए। इस रैली में कोरोना महामारी के लिए जरुरी गाइडलाइंस का उल्लंघन भी हुआ। अभी तक इस मामले में पुलिस ने क्या कार्रवाई की है इसके बारे में स्पष्ट कुछ भी पता नहीं चल सका है।
