Jaipur minor rape case:  इस गंभीर अपराधी पर बलात्कार और हत्या जैसे संगीन अपराधों के 12 मामले दर्ज हैं और वो अब तक 6 बार जेल की हवा भी खा चुका है। लेकिन इस पेशेवर ने पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अपने अपराधों का कच्चा-चिट्ठा जब पुलिस के सामने उजागर किया तो पुलिस के भी होश उड़ गए। जयपुर में 7 साल की नाबालिग से बलात्कार के आरोपी सिकंदर उर्फ जीवाणु को पुलिस ने बीते 4 जुलाई, 2019 को कोटा से गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में आरोपी को पकड़ने को लेकर पुलिस पर काफी दबाव भी था लिहाजा पुलिस ने बड़ी ही तत्परता के साथ इस आरोपी को पकड़ा था। उस वक्त यह भी खुलासा हुआ था कि 22 जून को भी उसने जयपुर के उसी इलाके में 4 साल की एक बच्ची के साथ भी दुष्कर्म किया था। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस जीवाणु से पूछताछ कर रही है वैसे-वैसे वो अपने पुराने गुनाहों की परते उघाड़ रहा है और पुलिस भी इसे सुनकर हैरान है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जीवाणु ने पुलिस को बताया कि उसने 35 बच्चों, 40 पुरुषों और कुछ किन्नरों का भी यौन शोषण किया है। जीवाणु आजकल पुरुषों की तरफ ज्यादा आकर्षित होने लगा था। वो महिलाओं की तुलना में कम उम्र के पुरुषों का अप्राकृतिक यौन शोषण करता था। इस सीरियल रेपिस्ट ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है अभी इसका ठीक से पता हीं चल सका है यानी यह आंकड़े बढ़ भी सकते हैं। जानकारी के मुताबिक सिकंदर ने साल 2004 में एक बच्चे का यौन शोषण कर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे जेल भेज दिया गया था लेकिन वह फिर से जमानत पर बाहर आ गया था। तब से अब तक कई मामलों में वह जेल जा चुका है।

एक जानकारी यह भी सामने आई है कि सिकंदर के साथ उसका एक साथी भी उसके साथ कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। सिकंदर के इस साथी का नाम ‘कीटाणु’ है। अब फिलहाल पुलिस सिकंदर से पूछताछ कर उसके दोस्त कीटाणु को भी दबोचने की फिराक में लगी है। जीवाणु अक्सर एक मोटरसाइकिल पर बैठ कर अपराध को अंजाम दिया करता था। यह भी खुलासा हुआ है कि यह मोटरसाइकिल चोरी का है। सिकंदर उर्फ जीवाणु अपराध करने के बाद एक जगह पर ज्यादा दिनों तक नहीं टिकता था इसलिए वो हर बार बच निकलता था। (और…CRIME NEWS)