दुनिया के कई देशों में समय-समय पर सीरियल किलर्स का खौफ रहा। इन सनकी सोच वाले हत्यारों ने सैंकड़ों लोगों को शिकार बनाया। इंडोनेशिया जैसा देश भी इससे अछूता नहीं रहा, यहां भी एक दशक से अधिक समय तक अहमद सुरादजी नाम के सीरियल किलर की दहशत बरकरार रही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीरियल किलर पर 40 से अधिक हत्याओं के मामले दर्ज थे।
मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा के मेडान में 10 जनवरी 1949 को जन्मे अहमद सुरादजी को ‘ब्लैक मैजिक किलर’ के नाम से जाना जाता था। अहमद जिसे भी शिकार बनाता उसके शव को जमीन में आधा दफना कर तंत्र विद्या को आजमाता था। अहमद सुरादजी पेशे से तांत्रिक था लेकिन कुछ समय में उसे ऐसी सनक चढ़ी कि वह महिलाओं व लड़कियों को अपना शिकार बनाने लगा। इस तांत्रिक ने 17 साल से 40 साल की महिलाओं को अपना शिकार बनाया।
अहमद सुरादजी कई सालों से तंत्र-मंत्र के पेशे में था और काफी लोग उससे अपनी समस्याओं को लेकर मिलने आते थे। ज्यादातर महिलाएं/ युवतियां ही उसके शिकारों में शामिल थी क्योंकि वह अपने पतियों या प्रेमियों को वश में करने, खूबसूरत दिखने जैसे नुस्खों के लिए अहमद को अपने घर बुलाती थी। घर पर बुलावे पर पहुंचा अहमद मौका देखकर वारदात को अंजाम देता रहा लेकिन कभी किसी को शक नहीं हुआ।
अहमद को 30 अप्रैल, 1997 में सुमात्रा के मेडान से उसे तब गिरफ्तार किया गया था, जब उसके घर से दर्जनों शव बरामद हुए थे। दरअसल, गिरफ्तारी से एक हफ्ते पहले 24 अप्रैल को 21 साल की केमाला नाम के युवती का शव एक खेत में पाया गया था। पुलिस को जांच में पता चला कि वह तांत्रिक अहमद से मिलने से आई थी। हालांकि, पहले अहमद ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया लेकिन जब केमाला का पर्स उसके घर से बरामद हुआ तो पुलिस का संदेह उस पर बढ़ गया।
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में अहमद सुरादजी ने अपना जुर्म कबूला तो पुलिस वालों के होश उड़ गए। मेडान प्रशासन और जांच अधिकारी ने जब कई दिनों तक पूछताछ की तो पता चला कि उसने 1986 से 1997 के बीच 42 महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया था। उसके साथ पूरे काम में उसकी तीन पत्नियों में से एक पत्नी तुमिनी भी सहयोग करती थी।
अहमद सुरादजी ने पुलिस को बताया कि पहले वह महिलाओं/युवतियों को मारता फिर उसके शव के चेहरे को अपने घर की तरफ रखकर आधा जमीन में गाड़ देता था। अहमद को लगता था कि उसकी तंत्र विद्या से शक्तियां उसके घर में कैद हो जाएंगी। इन हत्याओं में साथ देने के कारण अहमद की पत्नी तुमिनी को मौत की सजा सुनाई गई थी लेकिन बाद में इसे आजीवन कारावास में बदल दिया गया था।
वहीं 27 अप्रैल 1998 में कोर्ट ने अहमद को मौत की सजा सुनाई थी। अदालत के आदेश के बाद 42 लोगों के कत्ल के इल्जाम में ब्लैक मैजिक किलर अहमद सुरादजी को फायरिंग दस्ते द्वारा 10 जुलाई 2008 में मौत दे दी गई थी।