कॉलेज बंद होने के बाद घर लौट रही नाबालिग लड़की से गैंगरेप किये जाने का मामला सामने आया है। मामला झारखंड के दुमका जिले का है। 16 साल की लड़की से गैंगरेप का यह आरोप कुल 9 लोगों पर लगा है। बताया जा रहा है कि लड़की के दोस्त ने ही उसे दगा दिया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ दिल दहला देने वाली दरिंदगी की गई।

यहां के एसपी वाई एस रमेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा है कि इस मामले में लड़की ने अपने दोस्त समेत 8 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है। लड़की फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। लड़की की शिकायत दर्ज होने के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि मंगलवार (24 मार्च, 2020) की दोपहर यह लड़की अपनी एक सहेली की स्कूटी पर बैठकर अपने घर जा ही थी।

यह लड़की शहर में रहकर पढ़ाई करती थी लेकिन शिक्षण संस्थान बंद हो जाने के बाद वो अपने घर लौट रही थी। उसकी सहेली ने उसे घर से थोड़ी दूर पहले ही छोड़ दिया। चूकि शाम हो गया था लिहाजा इसके बाद इस लड़की ने अपने एक अन्य दोस्त को फोन कर कहा कि वो उसे उसके घर तक छोड़ दे।

बताया जा रहा है कि लड़की का दोस्त एक अन्य लड़के के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। लड़की के दोस्त ने उससे कहा कि रास्ते में पुलिस की चेकिंग लगी है लिहाजा उन्हें शॉटकट से जाना चाहिए। इसके बाद लड़का मोटरसाइकिल लेकर जंगल के रास्ते में चला गया।

लड़की ने पुलिस को बताया है कि जंगल में पहले से ही मौजूद 7 लोगों ने उसे पकड़ लिया और फिर इन सभी ने उनके साथ गैंगरेप किया। यह भी बताया जा रहा है कि गैंगरेप के बाद यह लड़की बेहोश हो गई। सभी बदमाश लड़की को जंगल में बेहोशी की हालत में ही छोड़ कर फरार हो गए।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की रात भर जंगल में ही रही। सुबह वो किसी तरह रेंग कर सड़क तक पहुंची। जहां लोगों पर उसकी नजर पड़ी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया जा सका। बहरहाल इस मामले के उजागर होने के बाद अब हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को पकड़कर उनपर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।