हैदराबाद में पति से कहासुनी के बाद महिला ने इतना खतरनाक कदम उठा लिया कि लोगों के होश फाख्ता हो गए। बताया जा रहा है कि पति से लड़ाई के बाद महिला काफी ज्यादा नाराज थी। ऐसे में उसने अपने दोनों बच्चों (बेटी और बेटा) को बियर की खाली बोतल से पीट-पीटकर मार डाला। बच्चों की उम्र 5 और 3 साल थी। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला बस में बैठकर थाने पहुंची और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

सिद्धिपेट थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान सी सरोजा के रूप में हुई। उसने भास्कर नाम के टैक्सी ड्राइवर से करीब 7 साल पहले शादी की थी। उनके 2 बच्चे श्रिया (5) और हर्षवर्द्धन (3) थे। शनिवार (25 मई) दोपहर करीब 2 बजे सरोजा ने अपने दोनों बच्चों को बियर की खाली बोतलों से पीट-पीटकर मार डाला। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सरोजा बस से करीमनगर पहुंची और उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, वारदात की जानकारी मिलने पर गणेश नगर थाना पुलिस महिला के घर पहुंच गई थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सिद्धिपेट के अन्य थानों में भी मामले की सूचना दे दी थी।

पुलिस जब महिला के घर पहुंची तो दोनों बच्चों की लाश बिस्तर पर पड़ी हुई थी और उनके शरीर पर काफी घाव थे। पुलिस ने घटनास्थल से सरोजा का लिखा एक पत्र भी बरामद किया, जिसमें उसने बच्चों को मारने के बाद आत्महत्या करने जाने की जानकारी दी थी।

डीएसपी रामेश्वर ने बताया कि आत्महत्या करने की जगह सरोजा करीमनगर चली गई। शायद उसका मन बदल गया होगा। मामले की पूरी जानकारी के लिए महिला को करीमनगर से सिद्धिपेट लाया जा रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि पति भास्कर और सरोजा के बीच शादी को लेकर अक्सर विवाद होता था। ऐसे में नाराज होकर महिला ने अपने दोनों बच्चों को मार डाला। वारदात के वक्त भास्कर काम पर गया हुआ था। पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।