एक पति ने पत्नी और 6 महीने की बेटी की हत्या कर शव को दफना दिया। इसके बाद उसने महिला के मायके सूचना भेज दी वह बेटी को लेकर भाग गई है। मामला झारखंड के पलामू का है। जहां पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी और 6 महीने की दूधमुंही बच्ची की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने दोनों के शव को 200 फीट गहरे नाले में दफना दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी विवेक यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

नेटवर्क 18 की खबर के अनुसार, पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि एक जून को मनातू थाना क्षेत्र के गौरवा गांव में आरोपी ने अपनी पत्नी और 6 महीने की बच्ची की हत्या कर गहरे नाले में दफना दिया था। मनातू थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने आगे कहा कि आरोपी ने अपने ससुराल में एक जून को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बच्ची को लेकर कहीं भाग गई है। मायके वालों को उसकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने मनातू थाने में पति समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

दरअसल, मनातू थाना क्षेत्र के मझौली पंचायत अंतर्गत भदई बथान के रहने वाले विवेक यादव की शादी 14 मई 2021 को छतरपुर थाना अंतर्गत कुशियारा गांव भगवान यादव की बहन उर्मिला यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों ने अपनी गृहस्थी बसाई। उनकी एक बेटी भी हुई। सभी को लग रहा है कि दोनों के बीच सब सही चल रहा है। इसी बीच आरोपी पति ने उर्मिला के मायके वालों को फोन कर सूचना दी कि पत्नी 6 महीने की बच्ची के साथ कहीं भाग गई है। मायके वालों ने उर्मिला को खोजबीन की मगर वह नहीं मिली। उन्हें अपने दामाद पर शक हुआ और उन्होंने चार जून को मनातू थाना में सात अन्य अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और अपनी बहन की हत्या का आरोप लगाया।

इसके बाद पुलिस उर्मिला की तलाश में जुट गई। एक दिन पुलिस ने गौरवा के जंगल में बच्ची के कपड़े एवं मृतका के पायल और नर कंकाल बरामद किए। इसके बाद आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना सारा जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

शक की वजह से की हत्या

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने इसलिए पत्नी की हत्या कर दी क्योंकि उसे शक था कि उसका किसी और से अफेयर चल रहा है। उसलिए उसने पत्नी को सजा देने की ठानी। आरोपी पति ने कबूल किया कि मुझे जो सजा मिली है कबूल है, मैं उसकी हत्या करके सुकून महसूस कर रहा हूं।