उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पति पर आरोप है कि उसने धारदार हथियार से पत्नी की नाक काट दी। इसके बाद उसने कटी हुई नाक जेब में रखी और फरार हो गया। पीड़ित पत्नी ने आरोपी पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना बांसताली गांव की है। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आज तक की खबर के अनुसार, लखीमपुर खीरी के बांसताली गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पति ने अपनी गर्लफ्रेंड की खातिर पत्नी की नाक काट दी। घटना के बाद पत्नी के रोने चिल्लाने की आवाज आई। हालांकि घटना के बाद पति ने पत्नी की नाक जेब में रखी और फरार हो गया।
दरअसल, बांसताली गांव के रहने वाले विक्रम की शादी कुछ साल पहले मोहम्मदाबाद गांव की सीमा देवी से हुई थी। शादी दोनों के परिवार वालों की मर्जी से हुई थी। ये भी शादी से खुश थे। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे भी हुए। सब कुछ सही चल रहा था कि इनके बीच ‘वो’ की एंट्री हो गई। असल में विक्रम का अफेयर दूसरी गांव की महिला के साथ शुरू हो गया। जिसका असर विक्रम की गृहस्थी पर पड़ने लगा। विक्रम की पत्नी सीमा को उसके अफेयर के बारे में भनक लगी। इसके बाद अक्सर दोनों में लड़ाई होने लगी। दोनों इस बात को लेकर अक्सर झगड़ते रहते।
गर्लफ्रेंड को लेकर होती थी पति-पत्नी में लड़ाई
सीमा ने विक्रम के अफेयर का विरोध किया लेकिन उस पर पत्नी की बात का कोई असर नहीं पड़ा। उसने गर्लफ्रेंड से रिश्ता खत्म नहीं किया। एक रात विक्रम घर लौटा। उसने पत्नी से खाना मांगा। पत्नी के खाना बनाया और उसे खाने को दिया। इसके बाद दोनों में फिर से विक्रम के अफेयर को लेकर झगड़ा होने लगा।
सीमा का यही कहना था कि उसके रहते हुए वह किसी दूसरी औरत से संबंध कैसे रख सकता है? दोनों में बहस होने लगी। विक्रम को सीमा की बातें सुनकर गुस्सा आने लगा। इसलिए उसने बेटी पर गुस्सा निकालना शुरू कर दिया। वह बेटी को पीटने लगा। सीमा ने बेटी को बचाने की कोशिश की। इस दौरान विक्रम ने धारदार हथियार से सीमा की नाक काट दी। उसे अपनी जेब में रखा और वहां से भाग गया।
इसके बाद सीमा उसी हाल में थाने पहुंची और पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया। पुलिस घायल सीमा को अस्पताल लेकर गई जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
इस मामले में लखीमपुर के सीओ सिटी संदीप सिंह का कहना है कि मितौली थाना क्षेत्र के बांसताली गांव में पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसकी नाक काट दी। इसके बाद केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।