इस शख्स ने अपनी पत्नी पर जुल्म-ओ-सितम की इंतहा पार कर दी। पति के अत्याचार से पीड़ित इस महिला को आखिरकार थाने में जाकर अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करानी पड़ी। थाने में इस महिला ने जब पुलिस के सामने अपनी आपबीती सुनाई तो पुलिसवाले भी दंग रह गए।

यह मामला मध्य प्रदेश के रायसेन जिले का है। इस महिला ने थाने में पुलिस को बताया कि उसका पति संजय शर्मा अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। महिला के मुताबिक उसने बरसों तक अपने पति की गाली-गलौज और मारपीट सही।

लेकिन अब उसका पति सिर्फ उसके साथ मारपीट ही नहीं करता था बल्कि उसके शरीर में सूइयां भी चुभोता था। महिला का पति उसकी पिटाई के बाद मोमबत्ती से उसे जगह-जगह दागता था। इस बार उसके पति ने उसे सूई से बुरी तरह चुभोया था और मोमबत्ती से जलाने के बाद उसके बाल भी काट दिए थे।

हैवान पति की प्रताड़ना से तंग आकर यह महिला थाने पहुंची। थाने में पुलिस वालों ने महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भी भर्ती कराया। इलाज के बाद महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस मामले में महिला का पति संजय शर्मा फिलहाल फरार बताया जा रहा है। थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस महिला के पति की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक इस महिला की शादी 18 साल पहले संजय शर्मा से हुई थी। इस दंपत्ति को 1 बेटा और 2 बेटियां भी हैं। महिला के मुताबिक शादी के कुछ सालों बाद उसके पति ने उसके साथ घरेलू हिंसा शुरू कर दी थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही है। (और…CRIME NEWS)