Coronavirus, (Covid-19) India Lockdwon: देश में जारी लॉकडाउन के बीच कुछ युवकों ने पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया। मामला हरियाणा के पलवल जिले का है। जानकारी के मुताबिक यहां पुलिस लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। यहां 10-15 की संख्या में कुछ लोग बाइक पर सवार होकर लॉकडाउन तोड़ कर खुलेआम सड़कों पर घूम रहे थे। पुलिस ने इन युवकों को रोका और कई पर यातायात नियमों के उल्लंघन करने के लिए उनका चालान काटा।

इस बात से यह युवक इतने खफा हो गए कि उन्होंने पुलिस पोस्ट पर ही हमला कर दिया। शुक्रवार (27-03-2020) को कई सारे युवकों ने हाथिन पुलिस स्टेशन में बने मिंडकोला पोस्ट पर हमला कर दिया। शाम के वक्त किये गये इस हमले के दौरान इन युवकों ने यहां पत्थर फेंके और पुलिस पोस्ट को आग के हवाले कर दिया। इस हमले में 5 पुलिस कर्मी जख्मी हो गए।

हमले के बाद सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। इधर घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

आपको बता दें कि देश में जारी लॉकडाउन के दौरान किसी भी शख्स को गैरजरुरी घर से निकलने की पूर्णत: मनाही है। गैरजरुरी वजहों से सड़क पर निकलने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई भी कर रही है।

दरअसल केंद्र सरकार ने देश में कोरोना वायरस (Coronavirus, Covid-19) के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 3 हफ्तों के लॉकडाउन का ऐलान किया है।

भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 1000 के पार पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र, केरल तथा अन्य कुछ राज्यों में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में केंद्र तथा राज्य सरकारें लोगों से सोशल डिस्टेन्सिंग की अपील कर रही हैं।

सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि अमेरिका, इटली, चीन जैसे कई देश इस वक्त कोरोना महामारी से जूझ रहे हैं। कई देशों ने अपने यहां लॉकडाउन कर रखा है तथा लोगों को अपने घर पर ही रहने की हिदायत दी है।