देश में आजकल लोग स्मार्टफोन के जरिए अधिकतर काम को करते हैं। कई सारे लोग टैबलेट और लैपटॉप को इस्तेमाल में लाते हैं। हालांकि, मेल का एक्सेस तो लगभग लोग रखते हैं लेकिन यह समय सावधान होने का है। जालसाज नए-नए तरीकों से आपकी निजी जानकारी चुराने के प्रयास में हैं। इसी कड़ी में अब साइबर ठग सॉफ्टवेयर प्लेटफ़ॉर्म McAfee के नाम पर धोखा दे रहे हैं।
देश में बढ़ते साइबर अपराध के मामलों में कुछ सॉफ्टवेयर कंपनी के मेल के माध्यम से फिशिंग (Phishing) जैसे तरीके को जालसाज अपना रहे हैं। इसमें साइबर अपराधी किसी नामचीन ब्रांड के नाम पर यूजर को स्पैम मेल भेजकर उनकी जानकारियां कराने या फिर मैलवेयर के इस्तेमाल से डिवाइस हैक करने का काम कर रहे हैं। जिसके चलते आपका आवश्यक डेटा, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी हैक हो सकता है।
ऐसे मेल से रहे सावधान: साइबर खतरों से जुड़े मामलों पर नजर रखने वाले प्रो प्राइवेसी (ProPrivacy) ने हाल ही में एक ट्वीट के जरिए लोगों को मेल फिशिंग स्पैम के बारे में जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि कुछ हैकर्स डिवाइस को हैक करने या निजी जानकारी चुराने के लिए सॉफ्टवेयर सिक्योरिटी प्लेटफ़ॉर्म McAfee के नाम से फिशिंग मेल भेज रहे हैं। जिसमें हैकर्स लोगों को McAfee का सब्सक्रिप्शन लेने को कह रहे हैं।
McAfee नहीं बल्कि हैकर्स भेज रहे मेल: आमतौर पर इस तरह का मेल McAfee से मिलता-जुलता सा दिखाई देता है। इन मेल को हैकर्स ने बारीकी से डिजाइन किया होता है, जिनकी गलतियां आसानी से नजर नहीं आती हैं। ऐसे में दिए गए लिंक पर आप जैसे ही क्लिक करेंगे, यह आपको फर्जी साइट पर लेकर जाएगा। जहां आपसे एक फॉर्म भरने या निजी जानकारी देने के लिए कहा जाएगा। यदि आपने अनजाने में ऐसा किया तो ठगी का शिकार हो सकते हैं।
सॉफ्टवेयर प्लेटफ़ॉर्म भी कर चुका है सतर्क: आपको बता दें कि, सॉफ्टवेयर सिक्योरिटी प्लेटफ़ॉर्म McAfee भी ऐसे किसी फिशिंग मेल से सतर्क कर चुका है। McAfee ने कई बार अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपने यूजर्स के लिए चेतावनी जारी की है। साथ ही यह भी बताया है कि किसी असली मेल या फर्जी मेल को कैसे पहचाना जा सकता है।
ऐसे रखें खुद को सुरक्षित: इन सभी मेल से सुरक्षित रहने का एक ही तरीका है कि आप किसी भी मेल को खोलने से पहले सावधानी बरतें। अगर ऐसा कोई मेल आता है तो लिंक पर क्लिक करने से पहले अपना माउस लिंक के ऊपर ले जाएं। इसमें आपको पॉप-अप के रूप में साइट का डोमेन (Domain) सहित बाकी सारी चीजें दिख जाएंगी। इसके बाद आधिकारिक वेबसाइट से लिंक के डोमेन नेम व साइट की स्पेलिंग का मिलान अवश्य करें। इन्हीं सारे तरीकों से आप फर्जी या असली मेल का पता लगा सकते हैं।