इधर गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल के Intensive Care Unit (ICU) में भर्ती युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। 21 साल की लड़की Tuberculosis से ग्रसित थी। अस्पताल में अपने साथ हुई इस ज्यादती के बारे में लड़की ने लिख कर अपने पिता को बताया है। पुलिस के मुताबिक लड़की ने अपनी आपबीती एक कागज के टुकड़े पर लिख कर बीते मंगलवार को दिया जिसमें उसने सारी बातें बताई हैं। दुष्कर्म की घटना के 6 दिनों बाद लड़की अपने साथ हुई वारदात के बारे में बता सकी है।
बताया जा रहा है कि युवती को 21 अक्टूबर को इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लड़की की हालत खराब थी लिहाजा उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लड़की को सांस लेने में तकलीफ थी इसीलिए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। 6 दिन बाद होश आने पर लड़की ने अपने साथ हुए यौन दुष्कर्म की घटना के बारे में बताया है।
इस मामले में पुलिस को विकास नाम के एक शख्स की तलाश है। दरअसल लड़की ने जो नोट लिखा है उसमें उसका नाम बतौर आरोपी शामिल है। लड़की के पिता के मुताबिक उनकी बेटी के साथ 21 अक्टूबर औऱ 27 अक्टूबर को दुष्कर्म हुआ था। पीड़ित परिवार ने यह गुहार लगाई है कि उनकी लड़की की चिकित्सीय जांच सरकारी अस्पताल में कराई जाए।
इधर विकास के बारे में बताया जा रहा है कि वो अस्पताल का ही एक कर्मचारी है। शिकायात दर्ज होने के बाद पुलिस ने अस्पताल जाकर लड़की का बयान लेने की कोशिश की लेकिन चिकित्सकों ने पुलिस को बताया है कि लड़की अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। फिलहाल इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि लड़की अभी भी बीमार है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
