Noida Murder Case, Nikki Bhati Case News in Hindi: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए निक्की भाटी की कथित हत्या के मामले में उसके पति और सास के साथ ही ससुर और जेठ को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। निक्की का पति विपिन भाटी, जेठ रोहित, सास और ससुर उन लोगों में शामिल हैं जिनका नाम FIR में आरोपियों के रूप में दर्ज है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अब इस मामले में नए-नए खुलासे हो रहे हैं।
पुलिस ने अब खुलासा किया है कि निक्की की हत्या से पहले किस कारण पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की दोपहर को कपल के बीच इस बात को लेकर बहस हुई थी कि वह अपनी बहन कंचन के साथ ब्यूटी पार्लर दोबारा खोलना चाहती थी। कासना थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया, “दोपहर करीब 3 बजे निक्की ने विपिन से कहा कि वह और उसकी बहन पार्लर फिर से खोलेंगे। विपिन के मना करने पर निक्की ने कहा कि उन्हें पार्लर दोबारा खोलने से कोई नहीं रोक सकता, जिसका उसके पति ने विरोध किया।
विपिन ने निक्की से कहा कि उसके परिवार में रील पोस्ट करना और पार्लर चलाने की इजाजत नहीं
पुलिस ने बताया कि विपिन ने निक्की से कहा कि उसके परिवार में रील पोस्ट करना और पार्लर चलाने की इजाजत नहीं है, जिसके बाद मामला बढ़ गया और उसने निक्की के साथ मारपीट शुरू कर दी। लगभग दो घंटे बाद निक्की के भाई को बहन कंचन का फ़ोन आया और बताया कि निक्की को आग लगा दी गई है।
पढ़ें- निक्की की बहन ने खोले कई राज
निक्की और कंचन ने मिलकर अपने पार्लर को प्रमोट करने के लिए इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर चैनल बनाए और इंस्टाग्राम पर उनके चैनल के 60 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वहीं, एक न्यूज चैनल से बात करते हुए निक्की की बहन कंचन (जिसकी उसी घर में शादी हुई थी) ने बताया कि ससुराल वाले विपिन की दूसरी शादी कराना चाहते थे। वो निक्की से पीछा छुड़ाना चाहते थे इसलिए उसकी हत्या कर दी। वहीं, एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि 2024 में, विपिन भाटी को उसके परिवार ने दिल्ली में एक अन्य महिला के साथ घूमते हुए पकड़ लिया था और तभी उसकी जमकर पिटाई की गई थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
निक्की के परिवार का आरोप- 2016 में शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था
निक्की के परिवार ने आरोप लगाया कि 2016 में शादी के बाद से ही निक्की को प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल वालों की दहेज की मांग बढ़ती जा रही थी। परिवार ने कहा कि उन्होंने पहले ही बेटी के ससुराल वालों को एक स्कॉर्पियो एसयूवी, एक मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण दिए थे लेकिन बाद में वे 36 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार देने की भी मांग करने लगे। निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के बड़े भाई रोहित से हुई है और वह इस घटना की गवाह है।
निक्की भाटी के ससुरालवालों पर उसे दहेज के लिए जिंदा जलाने का आरोप
निक्की को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने 21 अगस्त की रात ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव स्थित उसके घर में कथित तौर पर पीटा और फिर आग लगा दी। घटना के संबंध में निक्की की बहन कंचन द्वारा बनाए गए एक वीडियो क्लिप में दिखाई दे रहा है कि निक्की को बाल पकड़कर घसीटा जा रहा है जबकि एक अन्य वीडियो क्लिप में उसे आग की लपटों में सीढ़ियों से नीचे उतरते और फिर गिरते हुए दिखाया गया है।
घटना के विपिन भाटी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और बाद में रविवार को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान उसके पैर में गोली मार दी गई। उसकी मां दया को भी उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि जब विपिन को सबूत इकट्ठा करने के लिए ले जाया जा रहा था तो उसने एक उप निरीक्षक की बंदूक छीन ली और अधिकारियों पर गोली चलायी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। वहीं, विपिन के भाई और पिता को आज गिरफ्तार किया गया है। पढ़ें- दिल दहला रही निक्की हत्याकांड की Inside Story
(भाषा के इनपुट के साथ)