यूपी के गोंडा जिले से दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है, यहां एक कटरा बाजार थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बताया कि कटरा बाज़ार क्षेत्र के अशोकपुर दुबे पुरवा में प्रियंका (20) की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने अतिरिक्त दहेज के लिए ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी की हत्या कर देने का आरोप लगाया है।
पुलिस निरीक्षक (अपराध) रमाशंकर राय ने बताया कि प्रियंका के पिता नकछेद तिवारी के अनुसार उन्होंने अपनी पुत्री की शादी लगभग चार माह पूर्व 28 मई 2025 को अशोकपुर दुबे पुरवा निवासी श्यामू से की थी तथा हैसियत के अनुसार ने दान- दहेज भी दिया। नकछेद तिवारी ने आरोप लगाया है कि उसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त सोने की अंगूठी और जंजीर की मांग कर रहे थे।
प्रेमी को रस्सी से बांधा और सी बीच पर कॉलेज छात्रा का किया गैंगरेप, लड़कों के ग्रुप ने पार की सारी हदें, पीड़िता ने बताई दर्दनाक आपबीती
प्रियंका के पिता का कहना है कि सोमवार शाम पांच बजे उनकी बेटी का देवर अतुल उसे विदा कराकर ससुराल ले गया और रात में उन्हें सूचना मिली कि प्रियंका को सांप ने काट लिया है। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग ही प्रियंका को जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर की सूचना पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। नकछेद तिवारी ने थाने में दामाद श्यामू, देवर रामू व अतुल, ननद ज्योति और शिवकुमार के खिलाफ अपनी बेटी की हत्या करने की शिकायत की है। पुलिस निरीक्षक (अपराध) ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी तथा फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।