गोवा में एक महिला ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी महिला ने चार प्रेमियों की मदद ली थी। महिला ने इन्हीं के साथ मिलकर पहले पति के तीन टुकड़े किए। फिर उसे बोरे में भर कर अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने महिला को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
करकोरम पुलिस ने मंगलवार (आठ मई) को इस संबंध में आरोपी महिला को पकड़ा है, जिसकी पहचान 30 वर्षीय कल्पना बारिकी के रूप में हुई है। करकोरम स्थित फ्लैट पर एक अप्रैल को उसने अपने पति बासवराज बारिकी (38) की हत्या की थी, जो कि मूलरूप से कर्नाटक के बैलहोंगल का रहने वाला था। वारदात के दिन पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला ने उसे मारने की ठानी।
आरोपी महिला ने अपने प्रेमियों को फ्लैट पर बुलाया। सबसे पहले खुद पति का गला रस्सी से घोंटा, जिसके बाद एक प्रेमी ने उसके पैर बांधे। वहीं, अन्य ने उसकी लाश के टुकड़े कर उसे बोरे में भरा था। वे इसके बाद लाश से भरे बोरों को गोवा-कर्नाटक सीमा के पास अन्मोद घाट पर अलग-अलग जगह फेंक आए थे।
दक्षिणी गोवा एसपी अरविंद गवास ने एक अखबार को बताया कि आरोपी महिला चार लोगों के साथ अवैध संबंध बनाए हुए थी। यह बात उसके पति को पता लगी थी, जिसके बाद उनमें विवाद हुआ था। बासवराज उत्तरी गोवा में टैक्सी चलाता था और दो सप्ताह में एक बार वह घर आता था। अपनी गैरमौजूदगी में वह पत्नी के अवैध संबंध होने को लेकर शक करता था, जिस पर पत्नी से उसकी बहस होती थी। ऐसे में महिला पति से पीछा छुड़ाना चाहती थी।
महिला के साथ वारदात में शामिल चार प्रेमियों में तीन गिरफ्तार कर लिए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी सुरेश कुमार, गोवा के मारगाओ शहर निवासी पंकज पंवार और काकोरा निवासी अब्दुल शेख के रूप में हुई है। चौथे आरोपी का नाम आदित्य गुर्जर है, जिसे तलाशने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।