पुणे में 25 साल की एक लड़की ने अपने लिव इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद लड़की खुद ही थाने पहुंच गई। थाने पहुंच कर लड़की ने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों से कहा कि ‘मैंने चाकू से अपने पार्टनर की गला रेत कर हत्या कर दी है।’
जानकारी के मुताबिक लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पार्टनर की हत्या उस वक्त की जब वो बिस्तर पर गहरी नींद में सो रहा था। लड़की ने पुलिस से कहा कि पिछले साल अगस्त में इस लड़के ने शादी की थी लेकिन वो शादी के रिश्ते को ठीक से नहीं निभा रहा था।
युवक की हत्या किये जाने की यह घटना के बारे में इलाके के लोगों को भी उस वक्त पता चला जब वहां पुलिस पहुंची। लड़की द्वारा पुलिस को यह सूचना दिए जाने के बाद पुलिस की टीम तुरंत उनके फ्लैट तक पहुंच गई। पुलिस ने फ्लैट के अंदर से लड़के की डेड बॉडी और हत्या में शामिल हथियार बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया है कि युवक की हत्या करने के बाद इस युवती ने आत्महत्या की कोशिश भी की। लेकिन यह लड़की गर्भवती थी और बच्चे के बारे में सोच कर उसने आत्महत्या की योजना को टाल दिया।
पुलिसिया तफ्तीश में इस बात का खुलासा हुआ है कि पिछले साल जून के महीने में इस लड़की ने लड़के के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि यह युवक पिछले कुछ महीनों से युवती पर केस वापस लेने का दवाब भी बना रहा था और इस संबंध में युवती को धमकी भी दी गई थी।
मंगलवार (03 मार्च, 2020) को इस मामले में सुनवाई होनी थी। यह लड़का सोमवार की रात युवती के घर पहुंचा था यह सोच कर कि वो उसे शिकायत वापस लेने के लिए राजी कर लेगा। लेकिन घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। लड़ाई के बाद यह युवक सोने चला गया।
बताया जा रहा है कि देर रात 1 बजे इस महिला ने एक चाकू से इस युवक का गला रेत दिया। पुलिस के मुताबिक पिछले साल मई में यह युवती अपने भाई की शादी में गई थी। यहां किसी ने उसे बताया था कि आरोपी लड़के ने शादी कर ली है।
इस बात से खफा लड़की ने युवक पर दुष्कर्म का केस भी दर्ज कराया था। मामले में उस वक्त पुलिस ने युवक को गिरफ्तार भी किया था। लेकिन बाद में इसी युवती ने उसकी जमानत करा दी थी।

