19 साल की छात्रा ने एक लड़के के प्यार के प्रपोजल को ठुकरा दिया। इस बात से नाराज लड़की के प्रेमी ने उसे चाकू से गोद दिया। बीते बुधवार (28 अगस्त, 2019) को सरेआम विशाखापटनम में हुई इस वारदात से इलाके में भी दहशत फैल गई है। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फर्स्ट ईयर की छात्रा पर अनाकापल्ली में रामा चंद्रा थियेटर जंक्शन के नजदीक हमला किया गया।
लड़की पर हमला करने वाले शख्स की पहचान 21 साल के साईं किरण के रूप में हुई है। हमले के बाद साईं किरण को वहां मौजूद लोगों ने दबोच लिया। पुलिस के हवाले करने से पहले भीड़ ने इस युवक की जमकर पिटाई भी कर दी। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम जब यह लड़की कॉलेज से घर लौट रही थी तब आरोपी लड़के ने उसकी छाती और गर्दन पर चाकू से कई वार किए। चाकू से हमला होने पर लड़की सड़क पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ी।
आनन-फानन में लोगों ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इलाज के बाद कहा कि अभी लड़की की हालत स्थिर है। चिकित्सकों ने कहा है कि इस हमले में वो गंभीर रूप से जख्मी हुई है। जानकारी के मुताबिक साईं किरण पिछले कई दिनों से इस छात्रा का पीछा कर रहा था। साई किरण इस लड़की से एकतरफा प्यार करता था और लड़की ने कई बार उसके प्यार को ठुकरा भी दिया था।
https://www.youtube.com/watch?v=83Wi5_yEyoI
लड़की की तरफ से प्यार का प्रपोजल ठुकरा दिए जाने की वजह से साई किरण को इतना गुस्सा आया कि उसने उसपर यह खौफनाक हमला किया। बहरहाल अब इस मामले में पिटाई के बाद साईं किरण भी जख्मी है और उसे भी चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराई गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में लड़की पर हमला के आरोपी युवक पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। (और…CRIME NEWS)
