महिला ने आरोप लगाया कि ‘पूर्व स्पीकर नशे की हालत में उसके घर में घुसे…उनका यौन शोषण किया फिर मारपीट की।’ पीड़िता के संगीन आरोपों के बाद पूर्व स्पीकर कृष्ण बहादुर महारा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नेपाल की सत्ताधारी पार्टी, नेपाल कम्यूनिस्ट पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता कहे जाने वाले महारा को बीते रविवार (06-10-2019) को गिरफ्तार किया गया है। हाल ही में एनसीपी नेता ने पार्टी को अपना त्यागपत्र भी दिया था जिसके बाद उन्हें यौन शोषण के आरोप में अब पकड़ा गया है।

एनसीपी नेता कृष्ण बहादुर महारा स्पीकर भी रह चुके हैं। महारा पर आरोप है कि उन्होंने संसद भवन में तैनात एक महिला कर्मचारी के साथ यौन शोषण किया है। महारा ने पार्टी से त्यागपत्र देने के बावजूद अभी तक अपना सरकारी आवास नहीं छोड़ा था।

पुलिस ने उन्हें सरकारी आवास से ही गिरफ्तार किया है। इस मामले में बीते शनिवार को काठमांडू जिले की एक अदालत ने प्राथमिकी दर्ज करने की इजाजत दी थी।

महारा, नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं और पार्टी के काफी दिग्गज नेता माने जाते हैं। वो इससे पहले वित्त मंत्री, विदेश मंत्री जैसी अहम जिम्मेदारियों को भी संभाल चुके हैं।

महारा पर आरोप लगाने वाली महिला ने एक न्यूज पोर्टल से साक्षात्कार के दौरान कहा था कि ’23 सितंबर को जब वह अपने घर में अकेली थी तो महारा नशे की हालत में वहां आये थे।

महिला का यह भी आरोप है कि उसने नशे में धुत्त कृष्ण बहादुर महारा को घर में घुसने से भी रोका था, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। उसने कहा कि इसके बाद महारा ने उसके साथ जबरदस्ती की और उन्हें मारा-पीटा।’

महिला के इन आरोपों के बाद सत्ताधारी पार्टी ने महारा को स्पीकर और सांसद के पद से इस्तीफा देने के लिए कहा था। महारा ने स्पीकर के पद से तो इस्तीफा दे दिया है लेकिन उन्होंने अभी तक सांसद के पद से इस्तीफा नहीं दिया है। काठमांडू में पुलिस ने महारा से लंबी पूछताछ भी की है।

आरोप लगने के बाद महारा ने एक अक्टूबर को यह कहते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था कि वह खुद चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। वह इन आरोपों से पहले ही इनकार कर चुके हैं।

https://www.youtube.com/watch?v=TS8PtlSXt50

बता दें कि लोकतांत्रिक नेपाल के इतिहास में शायद यह पहली बार है जब राजनीतिक रूप से इतनी ऊंची रसूख रखने वाले किसी व्यक्ति को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया हो। आरोप साबित होने पर महारा को पांच साल की कैद की सजा हो सकती है। (और…CRIME NEWS)