अब तक कई लेडी गैंगस्टरों की कहानी हमने आपको बताई है। आज हम जिक्र कर रहे हैं जम्मू कश्मीर की पहली गर्ल गैंगस्टर कही जाने वाली अंबिका उर्फ बिंदु की। साल 2006 में ‘Hindustan Times’ ने अपनी एक रिपोर्ट में इस लेडी गैंगस्टर का जिक्र करते हुए बताया था वो अंडरवर्ल्ड के कुख्यात डॉन संजय गुप्ता उर्फ बकरा की हत्या में शामिल थी। उस साल 25 नवंबर की सुबह हार्डकोर गैंगस्टर राजेश डोगरा उर्फ मोहन और विशाल ठाकुर उर्फ विक्की ठाकुर ने ‘बकरा’ को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस हत्याकांड के बाद शुरुआती जांच में पुलिस ने इसमें एक लड़की के शामिल होने की आशंका जताई थी।
किसी लड़की के शामिल होने की जब बात सामने आई थी तब सभी चौंक गए थे। हर किसी के मन में यह सवाल था कि इतने गंभीर अपराध में कोई लड़की कैसे शामिल हो सकती है। पुलिस ने उस वक्त महज 4 दिनों के अंदर इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने का दावा किया था। पुलिस ने राजेश डोगरा और विशाल ठाकुर को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने दावा किया था कि इन दोनों ने एक लड़की अंबिका उर्फ बिंदु का नाम उगला है जिसने इस कत्ल-ए-आम में सबसे अहम भूमिका निभाई थी।
बताया गया था कि इस अंबिका इस मामले की एक अन्य आरोपी कपिल की गर्लफ्रेंड थी। कपिल ने ही अंबिका को बकरा के टच में आने के लिए प्रेरित किया था ताकि बकरा इस लड़की से मिलने कहीं अकेले आए। पूरी योजना बनने के बाद यह लड़की हिमाचल प्रदेश के डलहौजी में पहुंची थी। यहां उसने कपिल और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों से मुलाकात की थी। उस वक्त अंबिका के घर वालों ने आरोप लगाया था कि कपिल और उसके साथियों ने धमकी दी थी कि अगर अंबिका घऱ से बाहर नहीं निकली तो इसका अंजाम बेहद बुरा होगा।
हालांकि, इसके बावजूद अंबिका के घरवालों ने उसे घर से निकलने की इजाजत नहीं दी थी और उसे क्रिमिनलों से दूर रहने के लिए कहा था। लेकिन अंबिका ने घरवालों को बताया था कि वो अपने एक क्लासमेट से मिलने के लिए उसके घर जा रही है और फिर यह झूठ बोलकर वो हत्या के आरोपियों तक पहुंच गई थी। अंबिका लगातार कपिल और इस मामले के दूसरे अन्य आरोपियों से मिलती रहती थी। बात में उसकी मौजूदगी में ‘बकरा’ की हत्या की साजिश रची गई।