‘डेड बॉडी ढूंढ कर दिखाओ’..अपनी पत्नी की हत्या के बाद उसकी लाश को छिपा कर इस शख्स ने पुलिस को कुछ इसी अंदाज में चैलेज किया। लेकिन कहते हैं कि अपराधी चाहे जितना भी शातिर क्यों ना हो कानून की आंखो में वो धूल नहीं झोंक सकता। पुलिस ने फ्लोरिडा के रहने वाले 66 साल के Roberto Colon को गिरफ्तार कर Palm Beach County jail में डाल दिया है। उसपर फर्स्ट डिग्री मर्डर का चार्ज लगा है 20 फरवरी, 2021 को Roberto Colon की पत्नी Mary Stella Gomez-Mullet अचानक लापता हो गईं। इसके बाद उनकी एक मित्र ने पुलिस से संपर्क कर बताया कि पिछले 2 दिनों से उनकी बातचीत Mary Stella Gomez-Mullet से नहीं हो पाई है। दोस्तों ने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि अंतिम बार जब Mary Stella Gomez-Mullet से फोन पर बातचीत हुई थी तब वो कह रही थीं..नो,नो,नो रॉबर्टो…इसके बाद फोन कट गया था।

जिस दिन महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके दोस्तों ने दर्ज करवाई उसी दिन पुलिस को रॉबर्टो के घर से करीब एक माइल की दूरी में एक बैग के पड़े होने की सूचना मिली जिसपर खून लगे थे। इस बैग में एक चेन भी था जिसके बारे में बाद में पता चला कि यह मूलेट का था। पुलिस के मुताबिक मूलेट के परिवार के सभी सदस्य इस बात को लेकर आशंकित थे कि रॉबर्टो और उसके बीच कुछ ना कुछ जरूर हुआ है। जबकि रॉबर्टो का दावा था कि वो घऱ से बाहर गया था और जब वो वापस आया तो उसी पत्नी कहीं जा चुकी थी।

पुलिस को मिले खून के छींटे

24 फरवरी को पुलिस की टीम दोबारा रॉबर्टो के घर पूछताछ के लिए पहुंची। इस दौरान पुलिस ने पाया कि रॉबर्टो के फोन के ज्यादातर मैसेज और कॉल हिस्ट्री डिलीट किये जा चुके थे। इसके अलावा घर के दरवाजे पर पुलिस को लाल रंग का निशान भी नजर आया जो लहू की तरह लग रहा था। जब जहां-तहां पड़े इन खून के छींटों के बारे में रॉबर्टो से पुलिस ने पूछा तो उसने बताया कि यह उसके कुत्ते के होंगे। हालांकि बाद में यह इंसानी खून निकले।

यूं खुला भेद

जिसके बाद जांच टीम दोबारा उसके घर पहुंची लेकिन रॉबर्टो ने पुलिस वालों को चैलेज किया कि वो Mary Stella Gomez-Mullet की बॉडी को ढूंढ कर दिखाएं। पुलिस के मुताबिक रॉबर्टो ने उन्हें बताया कि उसके वर्कशॉप पर जानवरों के साथ क्रूरता की जाती है और उसने अपनी पत्नी को भी गाली दी थी। जब जांचकर्ता वहां से जाने लगे तब उसने उनसे दोबारा कहा कि कम से कम आप उसकी डेड बॉडी को नहीं ढूंढ़ पाएंगे।

5 मार्च को पुलिस ने रॉबर्टो को गिरफ्तार किया। हालांकि उसे उसकी पत्नी की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार नहीं किया गया था बल्कि उसके अपार्टमेंट से जांच के दौरान नशीले पदार्थ मिले थे, इसी सिलसिले में उसे गिरफ्तार किया गया था। करीब 2 दिनों के बाद पुलिस को उनके सूत्रों ने बताया कि उसने एक दिन सुना था कि रॉबर्टो अपनी पत्नी पर चीख रहा था और उसकी हत्या कर उसे घर में दफना देने की धमकी दे रहा था।

इसके बाद पुलिस ने रॉबर्टो के घर की तलाशी शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस को घर के बैकयार्ड से उसकी पत्नी का शव मिला। 45 साल के मूलेट और 66 साल के कॉलन ने जनवरी 2021 में शादी रचाई थी। फिलहाल अब पुलिस ने रॉबर्टो पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।