बिहार में एक पिता ने अपनी 10 साल की मासूम बेटी को अपनी हवस का शिकार बना लिया। यह मामला कटिहार जिले का है। पिता पर यह भी आरोप है कि उसने बच्ची और उसकी मां को चार दिनों तक घर में बंधक बना कर रखा। जानकारी के मुताबिक यह घटना बीते 23 जुलाई की है। इस रात बच्ची की मां अपनी बेटी के साथ घर के बरामदे में सोई हुई थी। रात करीब 11.30 बजे जब बच्ची के चीखने की आवाज आई तो मां की नींद खुल गई। उसने बच्ची के पिता को उसके साथ दुष्कर्म करते हुए देख लिया। जब महिला ने अपने पति को ऐसा करने से रोका तो उसने अपनी पत्नी को चाकू दिखा कर डराया और शोर ना मचाने की हिदायत दी।

इतना ही नहीं महिला के मुताबिक उसके पति ने उसे और उसकी बेटी को घर में चार दिनों तक बंधक बना कर रखा। इस दौरान महिला के पति ने उसे धमकी दी कि अगर उसने दुष्कर्म की बात किसी को बताई या फिर घर से निकलने की कोशिश की तो वो उन्हें जान से मार देगा। महिला के मुताबिक वो अपनी जान पर खेलकर किसी तरह अपने पति के चंगुल से निकली कर भाग सकी। घर से निकलने के बाद वो सीधे अपने मायके आ गई। उसने अपने पिता और भाई को इस घटना के बारे में बताया। महिला की बात सुन उसके मायके वालों के होश उड़ गए।

महिला ने अपने भाई और पिता की मदद से थाने में जाकर पति के खिलाफ FIR दर्ज कराया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने उनकी बड़ी बेटी के साथ भी पहले दुष्कर्म किया था लेकिन उसकी धमकियों की वजह से वो खामोश रह गई थीं। एफआईआर दर्ज होते ही इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है। (और…CRIME NEWS)