कर्नाटक से बीदर से एक दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने 18 साल की बेटी की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि लड़की ने कथित तौर पर अपने पिता की पसंद के लड़के से शादी करने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार को करीब तीन बजे जिले के औराद तालुका में घटी। पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी मोतीराम को घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
किसी और से प्रेम करती थी लड़की
पुलिस के अनुसार, लड़की का अपनी जाति के ही एक लड़के से प्रेम प्रसंग था। पिछले महीने वह उसके साथ चली गई थी, जिसके बाद माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों को तलाश कर लड़की को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया था। पिता का कहा था कि तू मेरी पसंद के लड़के से ही शादी करेगी मगर लड़की अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। पिता ने लड़का देख लिया मगर बेटी जब नहीं मानी तो गुस्से में आपा खोकर बेटी को ही मौत के घाट उतार दिया। घटना के वक्त लड़की की मां घर पर नहीं थी, पिता गिरफ्तार हो चुका है। इस तरह पूरा परिवार बिखर गया और जहां शादी की खुशियां आने वाली थीं वहां मामत छा गया, सब कुछ पल भर में बर्बाद हो गया।
अधिकारी ने क्या बताया?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को पीड़िता के पिता ने लड़की को उसकी पसंद के किसी शख्स से शादी करने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उसके मना करने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि जब घटना हुई, तब पीड़िता की मां घर पर नहीं थी।