यह साधू उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में काफी मशहूर था। सत्संग करने वाले इस साधू पर कुछ महिलाओं ने अब कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिलाओं ने इस मामले में सीधे बरेली के डीआईजी राजेश कुमार पांडे से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि इन महिलाओं ने इस साधू की कुछ तस्वीरें भी पुलिस महकमे को दी हैं जो उसकी करतूतों से संबंधित हैं।
शाहजहांपुर में सत्संग करने वाले इस साधू का नाम अनुज चेतन सरस्वती है। महिलाओं का आरोप है कि अनुज चेतन सरस्वती ने 5 शादियां की हैं। अब पुलिस के पास इन सभी पांचों महिलाओं ने एक साथ जाकर शिकायत की है। इन महिलाओं का कहना है कि साधुगिरी की आड़ में अनुज चेतन सरस्वती का असली धंधा देह व्यापार कराने का है।
आरोप है कि वो महिलाओं को नशीला इंजेक्शन देता है और फिर उन्हें जिस्म के धंधे में ढकेल देता है। इतना ही नहीं जो महिलाएं उसकी बातें नहीं मानती उनके साथ मारपीट भी किया जाता है। महिलाओं का यह भी आरोप है कि अनुज चेतन महिलाओं को वश में करने के लिए तंत्रमंत्र का सहारा भी लेता है।
अपने कार्यालय में इन महिलाओं की शिकायत सुनने के बाद डीआईजी राजेश कुमार ने कहा कि ‘5 महिलाएं उनके कार्यालय में आई थीं। इन सभी महिलाओं का आरोप है कि 1 ही व्यक्ति ने 5 अलग-अलग जगहों पर उनके साथ शादियां की। शादी के बाद उन्हें मारा-पीटा गया और फिर नशीला इंजेक्शन देकर उन्हें देह व्यापार में ढकेल दिया गया।
महिलाओं ने अपने आरोपों से संबंधित कुछ तस्वीरें भी सबूत के तौर पर पुलिस को दिये हैं। मैंने इस मामले में वहां के एसपी को तीन दिनों के अंदर जांच कर मामले में कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है।’
आपको बता दें कि इससे पहले आशाराम, नित्यानंद, राम रहीम, दाती महाराज, आशु महाराज समेत कई मशहूर साधु-संतों पर भी कई संगीन आरोप लग चुके हैंं। इनमें से कुछ साधूओं को अदालत ने जेल का रास्ता भी दिखाया है।

