बात वर्ष 1962 की है। इस साल 4 अगस्त को मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री मार्लिन मुनरो, ब्रेंटवुड स्थित अपने घर में अपने बिस्तर पर नग्न अवस्था में मृत हालत में मिली। उस वक्त उनकी लाश के पास से नींद की गोलियों की एक खाली शीशी भी मिली थी। एक्ट्रेस को मृत अवस्था में सबसे पहले उनके हाउसकीपर ने देखा था। एक फेमस अभिनेत्री की मौत को अब बरसों गुजर गए है लेकिन आज हम इसकी चर्चा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि यह मौत आज भी कई लोगों के लिए एक पहेली है। कुछ लोग मार्लिन मुनरो की मौत को खुदकुशी मानते हैं तो कुछ लोगों का यह भी मानना है कि मार्लिन मुनरो का कत्ल हुआ था। मार्लिन मुनरो की मौत को लेकर अब तक कई सारी थ्योरियां दी गईं हैं।
मार्लिन मुनरो एक अमेरिकी एक्ट्रेस, मॉडल और सिंगर थीं। मारलिन को हास्य कैरेक्टर ‘Blonde Bombshell’ से बड़ी पहचान मिली थी। उनका जन्म 1 जून 1926 को लॉस एंजलिस में हुआ था। उनका बचपन एक यतीमखाने में गुजरा और 16 साल की उम्र में उन्होंने शादी रचा ली। उन्होंने Twentieth Century Fox और Columbia Pictures के साथ काम किया है। उन्होंने As Young As You Feel, Monkey Business जैसी हास्य फिल्मों में काम किया तो वहीं Clash by Night और Don’t Bother To Knock जैसी नाटकों में भी बेहतरीन अदाकारी की। साल 1954-1955 के बीच मुनरो हॉलीवुड की बड़ी स्टार बन चुकी थीं। जनवरी 1954 में मुनरो ने जो डिमागियो से दूसरी शादी रचाई थी। 29 जून 1956 को उन्होंने आर्थर मिलर से तीसरी शादी भी रचाई थी।
महज 36 साल की उम्र में इस अभिनेत्री की मौत ने कई लोगों को हैरत में डाल दिया। अभिनेत्री की ऑटोप्सी रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ था कि अत्यधिक मात्रा में नींद की गोलियां लेने से उनकी मौत हुई थी। लेकिन कई लोग आज भी इस थ्योरी पर ज्यादा विश्वास नहीं करते। कुछ लोगों का मानना है कि मार्लिन मुनरो का प्रेसिडेंट केनेडी के साथ अफेयर था। यह भी कहा जाता है कि मुनरो का केनेडी के भाई रॉबर्ट केनेडी के साथ भी अफेयर था। साल 1983 में बीबीसी से बातचीत करते हुए मुनरो के हाउसकीपर ने माना था कि ‘4 अगस्त को बॉबी केनेडी घर पर थे और यकीनन दोनों के बीच अफेयर था।’
कई लोगों का यह मानना है कि बॉबी केनेडी को यह बात अच्छे तरीके से मालूम थी कि मुनरो क्यों और कैसे मरीं? हाउसकीपर के इस बयान के बाद यह भी कहा जाने लगा कि मुनरो का अफेयर जॉन एफ. केनेडी के साथ भी था और उनकी मौत इस अफेयर पर पर्दा डालने की एक योजना थी। मुनरो अपनी निजी जिंदगी में जबरदस्त तनाव से गुजर रही थीं और उन्होंने पहले भी खुदकुशी की कोशिशें की थीं। कहा जाता है कि उन्होंने इस अफेयर को सार्वजनिक करने की धमकी भी दी थी।
साल 2007 में एफबीआई के एक डॉक्यूमेंट में इस बात को लेकर अंदेशा जाहिर किया गया था कि केनेडी ने मुनरो को दवाइयां उपलब्ध कराई थीं और इन्हीं दवाइयों के ओवरडोज से मुनरो की मौत हो गई थी। मुनरो की मौत को लेकर दूसरी थ्योरी यह कहती है कि शिकागो के माफिया सैम गियाकाना ने मुनरो को मारने का हुक्म सुनाया था। सैम, मुनरो का इस्तेमाल कर हॉलीवुड की कुछ मशहूर हस्तियों को ब्लैकमेल करना चाहता था। कहा जाता है कि मौत से एक रात पहले बॉबी केनेडी और मुनरो के बीच उनके घर में ही झगड़ा हुआ था और किसी ने इसकी रिकॉर्डिंग भी की थी। हालांकि साल 1966 में इस रिकॉर्डिंग को नष्ट कर दिया गया। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि CIA ने मुनरो को मारा क्योंकि उन्होंने केनेडी ब्रदर्स से अति गोपनीय एरिया-51 से जुड़ी अहम जानकारियां हासिल कर ली थीं और वो इसे सार्वजनिक करने की धमकियां दे रही थीं। इसके अलावा कई लोगों का मानना है कि चिकित्सकों ने उन्हें दवाइयों का ओवरडोज दिया था जिससे उनकी मौत हो गई।
बहरहाल एक अभिनेत्री की मौत को लेकर यह सभी अनुमान सिर्फ अंदेशों पर आधारित हैं। इनसे जुड़ा कोई भी पुख्ता प्रमाण अब तक जांच एजेंसी के पास नहीं है। आज अभिनेत्री की मौत को सुसाइड कहा जाता है लेकिन कुछ लोग इस मौत में साजिश भी देखते हैं। (और…CRIME NEWS)
