देश की राजधानी दिल्‍ली में एक महिला शूटर द्वारा शराब के नशे में मां और भाई को गोली मारने की घटना सामने आई है। दोनों को एम्‍स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के सामने आने से सभी सकते में हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना डिफेंस कॉलोनी की है। पुलिस ने हत्‍या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में आरेापी संगीता (47) के राज्‍यस्‍तरीय शूटर होने की बात सामने आई है। बताया जाता है क‍ि वह पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थी। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात तकरीबन 12.43 को एक युवक हरशरण और उसकी मां गीता को गोली लगने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत पुलिस घटनास्‍थल पर पहुंची और दोनों को घायल अवस्‍था में अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। हरशरण के पैर में और उसकी मां को पेट और सीने में गोली लगी है। गीता की हालत गंभीर बताई जा रही है। हरशरण ने बताया क‍ि उसकी बहन संगीता ने लाइसेंसी पिस्‍टल से गोली चलाई थी। हरशरण संगीता को खाने के लिए कहने गया था। इस पर वह अपने कमरे से नाराज होकर निकली और भाई को गोली मार दी। मां के बीच में आने पर उन पर भी दो गोलियां दाग दी।

पुलिस ने आरोपी संगीता को घटनास्‍थल से ही गिरफ्तार कर लिया था। वह उस वक्‍त नशे में थी। परिजनों ने बताया क‍ि वह पिछले एक साल से शूटिंग का अभ्‍यास नहीं कर रही थी। इतना ही नहीं, संपत्ति को लेकर उसकी मां और मौसी के बीच विवाद भी चल रहा है। बताया जता है कि इस मामले से संगीता ही निपट रही थी। गोलीबारी की घटना का राज्‍यस्‍तरीय निशानेबाज से जुड़ा होने के कारण पुलिस छानबीन में पूरी सतर्कता बरत रही है।