झारखंड के गोड्डा जिले में शराबी पति ने पत्नी और बेटे को जिंदा जला दिया। युवक ने शराब के नशे में बीते रविवार (01-03-2020) की रात इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद अब मां-बेटे की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि रविवार की रात यह युवक शराब के नशे में चूर होकर घर पहुंचा था और उसका अपनी पत्नी से किसी बात पर झगड़ा हो गया। गुस्साए युवक ने पत्नी और बेटी को एक कमरे में बंद कर पीटा और फिर केरोसिन तेल छिड़क कर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। घटना के बाद ससुराल के अन्य लोगों ने किसी तरह आग में झुलसी महिला और उसके बेटे का पहले प्राथमिक उपचार कराया और फिर उन्हें बिहार के जवाहरलाल नेहरू भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाकर भर्ती कराया।

इलाज के दौरान महिला के बेटे हिमांशु की मौत रविवार की रात हो गई। जबकि सोमवार की देर रात इस घटना में झुलसी महिला रानी देवी ने भी दम तोड़ दिया। इस मामले में बरारी थाने में मृतक महिला के परिजनों ने केस दर्ज कराया है। जिसके बाद यह मामला गोड्डा जिले के महगामा पुलिस को सौंप दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मृतक रानी देवी बिहार के भागलपुर के गोराडीह की रहने वाली थी। रानी की शादी झारखंड के गोड़्डा जिले के महगामा के रहने वाले कुंदन कामती से हुई थी। महिला ने मरने से पहले पुलिस के सामने अपने पति के द्वारा प्रताड़ित किये जाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को बताया है कि उसके पति ने उन्हें तथा बेटे को घासलेट छिडक कर जलाया था।

जानकारी मिलने पर 2 मार्च को रानी देवी के मायके वाले भी अपनी बेटी को देखने भागलपुर अस्पताल पहुंचे। इनलोगों ने भी शिकायत की कि ‘नशे में उसका पति रोजाना उससे मारपीट करता था। इस बात का जिक्र बेटी करती थी। मगर समझाने के बाद भी कुंदन में कोई बदलाव नहीं आया। आखिरकार कुंदन ने मां-बेटी की जान ले ली।’

बहरहाल अब इस मामले में पुलिस मामले आगे की तहकीकात करने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति फरार है और पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है।