अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार यह शख्स रात भर उसकी मृत शरीर के साथ सोता रहा। सुबह होते ही वो चुपचाप घर से निकल गया और जाते-जाते घरवालों से कह गया कि उसकी पत्नी अभी सो रही है। यह मामला लुधियाना के सलेम टाबरी के गांव भट्टिया के गुरु कृपा कॉलोनी की है। जानकारी के मुताबिक मृतक महिला 7 महीने की गर्भवती थी। हत्या के अगले ही दिन उनकी सालगिरह भी थी। जानकारी के मुताबिक 24 साल की प्रीति ने 28 जुलाई, 2018 को रोहित नाम के एक लड़के से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद रोहित अपनी पत्नी के घर पर ही रहने लगा था। लड़की दिव्यांग थी। रोहित सलेम टाबरी इलाके में जूस की रेहड़ी लगाता था।

बताया जा रहा है कि रोहित को शराब पीने की बुरी लत थी और अक्सर वो शराब के नशे में अपनी पत्नी से झगड़ भी करता था। बीते शुक्रवार (26 जुलाई, 2019) की रात को भी रोहित का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ। घर में मौजूद लोगों ने उस वक्त दोनों को शांत करा दिया और उन्हें सो जाने के लिए कहा। रात करीब 2 बजे रोहित ने कमरे में जमकर शराब पी और फिर नशे में धुत होकर उसने कपड़े से गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वो अपनी पत्नी की लाश के साथ ही सो गया।

शनिवार की अहले सुबह रोहित को अपनी गलती का एहसास हुआ और वो घर से निकल कर जाने लगा। घरवालों ने जब उससे प्रीति के बारे में पूछा तो उसने कहा कि बीती रात प्रीति को हल्की चोट लग गई है और वो सो रही है। लेकिन प्रीति के काफी देर तक नहीं जगने के बाद घरवाले जब उसके कमरे में दाखिल हुए तो उनके होश उड़ गए। प्रीति अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। प्रीति के परिजनों ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। घरवालों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरप्तार कर लिया है और अब कानून के मुताबिक कार्रवाई में जुटी है। (और…CRIME NEWS)