पार्टी में ड्रग्स, डांस और शराब का तड़का चल रहा था और तब ही पहुंच गई पुलिस। इस पार्टी से कई नाबालिग लड़के और लड़कियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। यह मामला दिल्ली के पॉश इलाके छतरपुर का है। बीते शनिवार (8 जून, 2019) की रात पुलिस को इस इलाके मे एक रेव पार्टी किए जाने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस रात करीब 2 बजे अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ इस टीम में एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारी भी थे। जिस वक्त पुलिस ने यह छापेमारी की उस वक्त वहां एक विदेशी बैंड का परफॉरमेंस चल रहा था। एक फैशन डिजाइनिंग कंपनी के हॉल में चल रहे इस रेव पार्टी में अचानक पुलिस वालों को देख कर थोड़ी अफरातफरी की स्थिति भी हो गई।
लेकिन पुलिस यहां पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी। रेव पार्टी से पुलिस ने 17 डार्क ब्राउन टैबलेट, 21 पिंक कलर टैबलेट, 21 पिंक कलर टैबलेट, 24 वोडका की बोतलें, बैलेन्टाइन स्कॉच की 28 बोतलें, शैम्पेन की 2 बोतलों के अलावा भारी मात्रा में शराब बरामद किए। पुलिस ने यहां से 5.43 लाख रुपए भी बरामद किए।
पार्टी के दौरान वहां करीब 1,000 लोग मौजूद थे। पुलिस ने इन सभी को हिरासत में ले लिया। इनमे कई नाबालिग लड़के और लड़कियां भी शामिल थीं। इस पार्टी में शामिल लोग गुड़गांव, फरीदाबाद और नोएडा के निवासी थे। मौके पर ड्रग्स की इतनी बड़ी खेप देख कर एक बार तो पुलिस के भी होश उड़ गए। जानकारी के मुताबिक यहां यह रेव पार्टी कोलाब एजेंसी ने आयोजित कराई थी और इस कंपाउंड का लाइसेंस भी मालिक के पास नहीं था। पुलिस ने यहां से बरामद की गई सभी आपत्तिजनक सामानों को अपने कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आखिर ड्रग्स की इतनी बड़ी खेप यहां तक पहुंची कैसे? बता दें कि इस रेव पार्टी में एंट्री फीस 2200 रुपए रखी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि पार्टी हॉल से शराब की 300 से ज्यादा और बीयर की करीब 350 बोतलें जब्त की गई हैं। पुलिस ने पार्टी आयोजित करने वालों में से कम से कम 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। (और..CRIME NEWS)

