हैदराबाद में नशे की आदी एक महिला ने कुत्ते पर हमला बोल दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नशे में धुत इस महिला ने 13 सालों से इलाके में रह रहे कुत्ते पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी महिला इस तरह के कारनामे पहले भी करती रही है, वह अक्सर नशे में धुत होकर पशुओं को नुकसान पहुंचाती है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पड़ोसियों को बच्चों पर हमले का डरः महिला के पड़ोसियों ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। सोसायटी के लोगों ने आशंका जताई कि यह महिला भविष्य में उनके बच्चों को भी हमले का शिकार बना सकती है। मामला हैदराबाद के नागोल स्थित फतुल्लागुड़ा का है। महिला के पड़ोसी छेगुड़ी साईंकृष्णा ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह महिला इससे पहले भी कुत्तों को मारने के इरादे से उन पर हमले कर चुकी है। उसे कुल्हाड़ी लेकर कुत्ते पर हमला करते देख हर कोई हैरान रह गया।’

Bihar Floods: Weather Forecast Today Live Updates- अगले 24 घंटे के लिए तबाही का अलर्ट जारी, पढ़ें ताजा जानकारी

अंदरूनी अंगों पर लगे टांकेः हमले के शिकार कुत्ते को उप्पल में सरकारी पशु चिकित्सालय ले जाया गया। वहां जरूरी उपचार के बाद उसे मेडिकल टीम की देखरेख में रखा गया। इलाज करने वाले डॉक्टर के मुताबिक कुत्ते के अंदरूनी अंगों पर पांच और बाहरी अंगों पर छह टांके लगाए गए।

एनजीओ ने दर्ज कराया केसः घटना सामने आने के बाद पशुओं के लिए काम करने वाली संस्था सीएसए के संस्थापक एनएस प्रवालिका ने एलएम नगर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पशुओं के खिलाफ क्रूरतापूर्ण व्यवहार करने पर कानूनी कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी महिला पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।