झारखंड के खूंटी से हैरान करने वाली खबर आई है। यहां हत्यारों ने पति-पत्नी की हत्या कर उनके शव को कुएं में फेंक दिया। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी मच गई है। दरअसल जरियागढ़ थानाक्षेत्र के बकसपुर गांव के एक घर में बोंभा बारला और उनकी पत्नी झिंगी बारला रहते थे। रविवार (22 मार्च, 2020) को यह दोनों अचानक गायब हो गए। पति-पत्नी के यूं गायब हो जाने से इलाके के लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
इनके लापता होने को लेकर लोग अपनी-अपनी तरफ से कयास भी लगाने लगे। दोनों के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर गांव के लोगों ने खुद से ही इनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित एक कुएं के पास खून के छींटे देखकर उनके होश उड़ गए। कुएं के आसपास खून के धब्बे लगे थे। जिसने गांव वालों को चौंका दिया। गांव वालों ने पहले कुएं के आसपास की जगह को छाना और फिर जल्दी ही कुएं में पति-पत्नी की लाश मिलने की खबर बाहर आ गई।
गांव वालों ने बिना वक्त गंवाए पुलिस को इस बात की जानकार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बोंभा बारला और उनकी पत्नी झिंगी बारला के शव को कुएं से बरामद कर लिया और अपने कब्जे में ले लिया। दंपत्ति के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भी सदर अस्पताल भेज दिया। पति-पत्नी की हत्या किसने की? अभी इस बात का खुलासा नहीं हो सका है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि दंपत्ति शनिवार की रात कोंसा गांव स्थित अपने पुराने मकान से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने टांगी से काटकर इन दोनों की हत्या कर दी। हत्या के बाद इन दोनों के शव को कोंसी गांव से बाहर एक कुएं में फेंक दिया गया। बहरहाल पुलिस के सामने इस दोहरे हत्याकांड को सुलझाने की बड़ी चुनौती है। मामले की तफ्तीश जारी है।
