कई महिलाएं इस क्लिनिक में अपना इलाज कराने आती थीं। लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि क्लिनिक में डॉक्टर के रुप में हैवान बैठा है। बात गुजरात के एक ऐसे डॉक्टर की जिसकी करतूतों ने इस पेशे पर बदनुमा दाग लगा दिया। क्लिनिक चलाने वाले एक चिकित्सक पर आरोप लगा है कि वो क्लिनिक में आने वाली महिलाओं का धोखे से अश्लील वीडियो बना लेता था और फिर वो इन महिलाओं को वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इस वीडियो के जरिए वो उन्हें ब्लैकमेल कर उनके साथ शारीरीक संबंध बनाता था। पुलिस ने पाटण जिले के समी में अधेड़ उम्र के बीएएमएस डॉक्टर और उसके बेटे को इस घिनौने काम को करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि दोनों क्लिनिक में आने वाली महिलाओं का अश्लील वीडियो निकाल उनके साथ गलत काम करते थे। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब इस अश्लील कृत्य का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इनके क्लिनिक पर आकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद यहां पुलिस की टीम पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि क्लिनिक चलाने वाले शख्स का नाम महेंद्र मोदी है। बीएएमएस की डिग्री होने के बावजूद महेंद्र मोदी यहां हर तरह की बीमारियों का इलाज किया करता था। महेंद्र मुख्य रुप से मेहसाणा के कुछ क्लिनिकों में प्रैक्टिस करता था और हफ्ते में दो दिन अपने क्लिनिक में आता था और इस घिनौने काम को अंजाम दिया करता था। यह भी खुलासा हुआ है कि महेंद्र मोदी के बेटे के पास आईटीआई की डिग्री थी और वो फर्जी चिकित्सक बन यहां महिलाओं का इलाज करता था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित महिलाओं के द्वारा शिकायत दर्ज करवाने के बाद कार्रवाई की है। अब पुलिस इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। (और…CRIME NEWS)
